लाइव न्यूज़ :

कांग्रेस ने ‘फर्जी टूलकिट’ को लेकर नड्डा समेत कई भाजपा नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई

By भाषा | Updated: May 18, 2021 20:19 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 18 मई कांग्रेस ने मंगलवार को भाजपा पर कोरोना महामारी के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि बचाने एवं लोगों का ध्यान भटकाने के लिए ‘फर्जी टूलकिट’ तैयार करने का आरोप लगाया और सत्तारूढ़ पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा, उसके वरिष्ठ नेताओं बीएल संतोष, स्मृति ईरानी, संबित पात्रा तथा कई अन्य के खिलाफ दिल्ली पुलिस में ‘जालसाजी’ की शिकायत दर्ज कराई है।

विपक्षी पार्टी ने यह भी कहा कि वह प्रमुख सोशल मीडिया मंचों के प्रबंधकों को पत्र लिखकर ‘झूठ फैलाने’ वाले इन वरिष्ठ भाजपा नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट खत्म करने का आग्रह भी करेगी।

कांग्रेस के मुताबिक, नयी दिल्ली के तुगलक रोड थाने में पार्टी के शोध विभाग के प्रमुख राजीव गौड़ा और सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख रोहन गुप्ता की तरफ से शिकायत दर्ज कराई गई। पार्टी ने इस शिकायत में मांग की है कि ‘जालसाजी’ और ‘झूठ फैलाने’ के लिए भाजपा के इन वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा उनकी गिरफ्तारी भी की जाए।

इससे पहले, भाजपा ने कांग्रेस पर एक ‘टूलकिट’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को धूमिल करने के प्रयास का आरोप लगाया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने इस ‘टूलकिट’ को फर्जी करार देते हुए कहा कि सत्तापक्ष को ‘झूठ फैलाना’ बंद कर लोगों का जीवन बचाने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अपना समय झूठ फैलाने में बर्बाद मत करिए। जागिए और लोगों का जीवन बचाना शुरू करिए।’’

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भाजपा के आरोपों पर संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया, ‘‘भाजपा ने फर्जी टूलकिट तैयार किया है, ताकि एक बौने नेता की गढ़ी हुई छवि को बचाया जा सके, जबकि पूरा देश इनकी हकीकत जान चुका है। अब हर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का असली चेहरा देख चुका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जो भी सरकार से सवाल करता है, उसका चरित्र हनन करने का प्रयास किया जाता है। कांग्रेस इस तरह के हथकंडों से डरने वाली नहीं है। हम जनता की आवाज उठाते रहेंगे और सरकार से कठिन प्रश्न पूछते रहेंगे।’’

कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख रोहन गुप्ता ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को ‘झूठ फैलाने’ के लिए सोशल मीडिया मंचों से हटाया जाना चाहिए तथा जल्द ही पार्टी की तरफ से सोशल मीडिया कंपनियों के प्रबंधकों को इस बारे में पत्र लिखा जाएगा।

कांग्रेस नेता और वकील अमन पंवार ने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस इस शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज नहीं करती है तो फिर पार्टी की तरफ से अदालत का भी रुख किया जा सकता है।

कांग्रेस प्रवक्ता राजीव गौड़ा ने दावा किया, ‘‘हमारा देश कोविड की तबाही का सामना कर रहा है, ऐसे समय लोगों को राहत प्रदान करने की बजाय भाजपा बेशर्मी के साथ फर्जीवाड़ा कर रही है।’’

गौरतलब है कि भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस पर कोरोना महामारी के दौरान देशवासियों में भ्रम फैलाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को धूमिल करने का आरोप लगाया और कहा कि इस संकट काल में विपक्षी दल की ‘‘गिद्धों की राजनीति’’ उजागर हुई है।

एक ‘‘टूलकिट’’ का हवाला देते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि कोरोना के समय जब पूरा देश महामारी से लड़ रहा है तो कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए भारत को पूरे विश्व में ‘‘अपमानित और बदनाम’’ करने की कोशिश की है।

‘‘टूलकिट’’ एक प्रकार का दस्तावेज होता है जिसमें अपने अभियान को आगे बढ़ाने के लिए बिंदुवार मुद्दे होते हैं। अभियान को धार देने के लिए इन्हीं मुद्दों पर विरोधियों को घेरने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाता है। हाल ही में किसान आंदोलन के दौरान भी एक टूलकिट सामने आया था, जिसकी काफी चर्चा भी हुई थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्राइम अलर्टक्या पंजाब के बाद बिहार में जॉम्बी ड्रग?, कितना खतरनाक, व्यस्त सड़क पर लड़खड़ाता दिखा शख्स?, वीडियो

भारतबिहार के अस्पतालों में डॉक्टर, रुई और सुई नहीं, कहीं दवा नहीं तो बेड नहीं?, तेजस्वी यादव बोले-अमंगल दोष से ग्रसित स्वास्थ्य विभाग

कारोबारAmazon May 2026 Layoffs: क्या मई में 14000 लोग नौकरी से निकाले जाएंगे?, जानें अमेजन प्रवक्ता ने क्या कहा?

भारतमप्र राज्यसभा चुनावः मीनाक्षी नटराजन और सज्जन सिंह वर्मा में टक्कर?, कांग्रेस में एक अनार-सौ बीमार?, अपनों की रार में भाजपा न मार ले जाए तीसरी सीट!

क्राइम अलर्ट5 वर्षीय बच्चे का गला, गुप्तांग कटा था और पेट के बाईं ओर, गाल और भौंह के नीचे गहरे घाव?, पिता ने कहा- छात्रावास में बेटे से सामूहिक रेप कर मारा?

भारत अधिक खबरें

भारतKashmir Tourism: कश्मीर में होमस्टे का बढ़ता चलन टूरिज्म में जान डाल रहा

भारतIran-US ceasefire: इरान और अमेरिका के बीच सीजफायर, कश्मीर और लद्दाख में लोग मना रहे जश्न; नेताओं ने दी प्रतिक्रिया

भारतBihar: सीएम नीतीश कुमार ने 4954 नवनियुक्त एएनएम को सौंपा नियुक्ति पत्र, कहा- 'स्वास्थ्य सेवा सिर्फ एक नौकरी नहीं बल्कि मानवता की सेवा'

भारतJammu-Kashmir: आतंकियों से सांठ-गांठ के चलते गई नौकरी, 2 सरकारी कर्मचारी बर्खास्त; अब तक 90 अधिकारी

भारतWest Bengal Polls 2026: ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से नामांकन दाखिल किया, जानें चुनावी समीकरण