लाइव न्यूज़ :

वादे निभाने में असफल रही कांग्रेस, लोगों को ‘आप’ पर भरोसा नहीं: सुखबीर बादल

By भाषा | Updated: November 28, 2021 17:00 IST

Open in App

चंडीगढ़, 28 नवंबर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने दावा किया है कि अपने चुनावी वादों से ‘‘मुकर जाने’’ के कारण सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ पंजाब में सत्ता विरोधी मजबूत लहर है, और लोग आम आदमी पार्टी (आप) पर ‘‘भरोसा नहीं’’ करते तथा राज्य विधानसभा चुनाव में दोनों दलों का ‘‘सफाया’’ हो जाएगा।

59 वर्षीय नेता ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह पर स्वयं को आम आदमी दिखाने की कोशिश करके ‘‘नाटक करने’’ का आरोप लगाया। शिअद अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब के लोग जानते हैं कि केवल उनका दल ही अपने वादों को निभाता है। उन्होंने दावा किया राज्य का विकास कांग्रेस के पिछले साढ़े चार साल के शासन में रुका हुआ है।

बादल ने कई विधानसभा क्षेत्रों के अपने दौरों का जिक्र करते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कांग्रेस के खिलाफ सत्ता विरोधी मजबूत लहर है। लोग इस सरकार से तंग आ चुके हैं।’’

बादल ने कहा कि कांग्रेस किसानों का पूरा कर्ज माफ किए जाने समेत अपने चुनावी वादों से ‘‘मुकर गई’’।

उन्होंने कहा, ‘‘करीब पांच साल से कोई मुख्यमंत्री नहीं है। कांग्रेस ने लोगों को धोखा दिया और उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया।’’ उन्होंने कहा कि लोगों को यह नहीं लगा था कि उनके साथ ‘‘धोखा होगा’’, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने 2017 के विधानसभा चुनावों से पहले ‘गुटका साहिब’ (एक धार्मिक पाठ) की ‘झूठी शपथ’ ली थी और बड़े-बड़े वादे किए थे।

बादल ने ‘आप’ पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पंजाब के लोगों को उस पर ‘‘भरोसा नहीं’’ है और उन्होंने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से कहा कि वह पंजाब में किए जा रहे वादों को पहले दिल्ली में पूरा करके दिखाएं।

उन्होंने ‘आप’ के उस बैनर का जिक्र किया, जिसमें ‘‘इक मौका केजरीवाल नू’’ (एक मौका केजरीवाल को) लिखा है। उन्होंने कहा, ‘‘उनका (दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल का) एकमात्र सपना पंजाब का मुख्यमंत्री बनना है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल अपने किए वादों से हमेशा ‘‘पीछे हटे’’ हैं।

बादल ने राज्य की महिलाओं को एक हजार रुपए प्रति माह दिए जाने के केजरीवाल के वादे पर सवाल करते हुए कहा कि क्या उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में किसी महिला को 100 रुपए भी दिए हैं? उन्होंने कहा, ‘‘सबसे पहले, उन्हें दिल्ली में 300 इकाई बिजली नि:शुल्क मुहैया करानी चाहिए, जहां वह केवल 200 इकाई बिजली मुफ्त देते हैं।’’ केजरीवाल ने वादा किया है कि यदि वह पंजाब में सत्ता में आते हैं, तो वह 300 इकाई बिजली नि:शुल्क देंगे।

शिअद प्रमुख ने दावा किया कि दिल्ली में अध्यापक संविदा पर काम कर रहे हैं और उन्होंने केजरीवाल से ऐसा एक व्यक्ति दिखाने को कहा, जिसे पिछले 10 साल में नियमित किया गया हो। केजरीवाल ने शनिवार को मोहाली में अस्थायी शिक्षकों से उनकी नौकरियों को नियमित करने का वादा किया था।

बादल ने कहा कि वह चुनाव में कांग्रेस को अपनी पार्टी की मुख्य प्रतिद्वंद्वी के तौर पर देखते हैं, लेकिन कुछ सीटों पर शिअद और आप के बीच सीधा मुकाबला होगा। उन्होंने दावा किया कि चुनावों में कांग्रेस और आप का सफाया हो जाएगा।

उन्होंने कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस को स्वयं 'नुकसान' पहुंचाएंगे, क्योंकि वह हर रोज विभिन्न मुद्दों को लेकर चन्नी के नेतृत्व वाली सरकार को निशाना बनाते हैं।

बादल ने आरोप लगाया कि सिद्धू ने राज्य सरकार को अकाली नेता बिक्रम मजीठिया के खिलाफ ‘‘झूठा मामला दर्ज करने का निर्देश देकर संविधान के परे जाकर कदम उठाया है।’’ उन्होंने कांग्रेस को मुख्यमंत्री पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित करने की चुनौती दी और चन्नी एवं सिद्धू को ‘‘अयोग्य’’ बताया।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को ‘‘आलसी’’ करार देते हुए कहा कि वह पूरे कार्यकाल में अपने फार्म हाउस से बाहर नहीं निकले।

यह पूछे जाने पर कि क्या उनके पिता एवं अकाली नेता प्रकाश सिंह बादल विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, बादल ने कहा कि उनकी इच्छा है कि उनके पिता चुनाव लड़ें।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतPunjab Local Body Election Results: पंजाब में 22 जिला परिषद के 347 क्षेत्र और 153 पंचायत समिति के 2,838 क्षेत्रों में चुनाव, आप ने 63 और 54 फीसदी में विजय पताका लहराई, देखिए कौन जीता?

क्राइम अलर्टखेत में गई थी 3 साल की बच्ची, 25 वर्षीय कल्लू उठाकर घर ले गया और किया दुष्कर्म, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया अरेस्ट

क्रिकेटSyed Mushtaq Ali Trophy Final: टी20 विश्व कप में खेलेंगे इशान किशन?, 10 मैच, 10 पारी, 517 रन, 51 चौके और 33 छक्के, जानें प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज कौन?

क्रिकेटSyed Mushtaq Ali Trophy Final: फाइनल में 101 रन बनाकर किशन कारनामा? पहली बार चैंपियन झारखंड, हरियाणा को 69 रन से हराया, 5 शतक लगाकर अभिषेक शर्मा रिकॉर्ड की बराबरी?

भारतTelangana GP Polls Results: 4159 ग्राम पंचायतों में से कांग्रेस ने 2,246, बीआरएस ने 1,163 और भाजपा ने सीटें जीतीं

भारत अधिक खबरें

भारतमहाराष्ट्र नगर निगम चुनावः कांग्रेस को झटका, राजीव सातव की पत्नी और एमएलसी प्रज्ञा सातव भाजपा में शामिल

भारतगुरु घासीदास बाबा ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का दिया संदेश: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

भारतभाजपा में संगठन सर्वोपरि और संगठन ही शक्ति व विचारधारा ही प्राण?, भाजपा बिहार के नव नियुक्त अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यभार संभाला

भारतदिल्ली में CNG गाड़ियों को बड़ा झटका! अब इन वाहनों को नहीं मिलेगी गैस, निकलने से पहले जरूर देखें ये डॉक्यूमेंट

भारतPunjab Local Body Election Results: कुल 2838 जोन, आम आदमी पार्टी ने 1494, कांग्रेस 567, शिरोमणि अकाली दल ने 390 और भाजपा ने 75 जोन जीते