कांग्रेस ने यूपी में रद्द की सभी चुनावी रैलियां, बरेली मैराथन में भगदड़ जैसे हालात के बाद फैसला, सीएम योगी की नोएडा की रैली रद्द
By विनीत कुमार | Updated: January 5, 2022 12:45 IST2022-01-05T12:14:49+5:302022-01-05T12:45:03+5:30
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कल नोएडा में होने वाली अपनी चुनावी रैली रद्द कर दी है। वहीं कांग्रेस ने यपी में अपनी सभी चुनावी रैलियों को रद्द करने का फैसला किया है।

यूपी में कांग्रेस ने अपनी चुनावी रैलियां रद्द की (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अपने सभी चुनावी रैलियों को फिलहाल रद्द कर दिया है। बरेली में मंगलवार को कांग्रेस की ओर से आयोजित मैराथन में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने की घटना बाद यह फैसला लिया गया है। साथ ही कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच पार्टी वर्चुअल कैंपेन पर ज्यादा जोर दे सकती है। वहीं, मु्ख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को नोए़डा में होने वाली अपनी रैली को रद्द किया है।
गौरतलब है कि कांग्रेस की ओर से बरेली में मैराथन दौड़ ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ आयोजित किया गया था। इसमें बिना मास्क के बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और कुछ लड़कियां घायल भी हुईं। इस बीच राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने उत्तर प्रदेश के बरेली में आयोजित कांग्रेस की मैराथन दौड़ में भगदड़ जैसे हालात पैदा होने के मामले में जिला अधिकारी से जांच कराने को कहा है।
सीएम योगी ने नोएडा की रैली रद्द की
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी रैली गुरुवार को नोएडा में होनी थी। हालांकि बताया जा रहा है कि कोरोना के नोएडा में बढ़ते मामलों को देखते हुए यह रैली रद्द की गई है। हालांकि, फिलहाल असल वजह क्या है, इसे लेकर तस्वीर साफ नहीं हो सकी है।
नोएडा में मंगलवार को ओमीक्रोन का पहला केस भी दर्ज किया गया। साथ ही सक्रिय मामले भी 400 से ऊपर चले गए हैं। नोएडा में मंगलवार को 140 नए कोरोना केस मिले। वहीं पड़ोसी गाजियाबाद में 182 केस आए।
बता दें कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने 6 जनवरी से 14 जनवरी तक कक्षा 10 तक के सभी स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल यूपी में सक्रिय कोविड मामलों की संख्या 3,000 का आंकड़ा पार कर गई है।
गुरुवार से रात के कर्फ्यू का समय भी दो घंटे बढ़ा दिया गया है।
यूपी में रात का कर्फ्यू अब रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक होगा। यह तमाम फैसले मंगलवार देर रात हुई बैठक में लिया गया।