लाइव न्यूज़ :

दस साल में बिहार की आवश्यकताएं पूरी कीं, इस दशक में आकांक्षाओं को पूरा करेंगे : मोदी

By भाषा | Updated: November 3, 2020 13:54 IST

Open in App

फॉरबिसगंज (बिहार), तीन नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को बिहार में विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘जंगल राज’ चलाने वालों ने एक समय राज्य में मतदान केन्द्रों पर कब्जा करने की संस्कृति के जरिए गरीबों के मताधिकार को छीन लिया था लेकिन राजग ने गरीबों को उनका वह अधिकार फिर से दिलाया है।

नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि पिछला दशक बिहार की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये था और 2021-30 तक का दशक राज्य के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिये है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक महामारी के बावजूद बिहार में मतदाताओं का जोश, भारत में लोकतंत्र की गहरी जड़ों को दर्शाता है।

फॉरबिसगंज में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने विपक्षी महागठबंधन पर निशाना साधा और कहा, ‘‘बिहार अब उन लोगों को पहचान चुका है जिनका एकमात्र सपना किसी तरह लोगों को डराकर, अफवाह फैलाकर, लोगों को बांटकर किसी भी तरह से सत्ता हथिया लेना है। इनकी तो बरसों से यही सोच है, इन्होंने यही देखा है, यही समझा है, यही सीखा है।’’

उन्होंने कहा कि आज राजग के विरोध में जो लोग खड़े हैं, वो ‘‘इतना कुछ खाने-पीने के बाद अब फिर से बिहार को लालच भरी नजरों से देख रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, लेकिन बिहार की जनता जानती है कि कौन बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और कौन अपने परिवार के विकास के लिए।

मोदी ने परोक्ष रूप से कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने ‘जंगलराज के डबल-डबल युवराजों’ को सिरे से नकार दिया है।

नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि पिछला दशक बिहार की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये था और 2021-30 तक का दशक राज्य के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिये है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बीते दशक में बिहार के हर घर में बिजली पहुंची, अब आने वाला दशक बिहार को चौबीस घंटे जगमगाने का है। बीते दशक में बिहार में घर-घर गैस कनेक्शन पहुंचा, अब यह दशक बिहार के घरों में पाइप से गैस पहुंचाने का है।’’

मोदी ने केंद्र और राज्य में राजग सरकार की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘बिहार को जब इस बार फिर से डबल इंजन की ताकत मिलेगी, तो यहां का विकास पहले से भी तेज गति से होगा, यह मैं आपको विश्वास दिलाने आया हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में गरीब को सही मायनों में मतदान का अधिकार राजग ने दिया है। बिहार की पवित्र भूमि ने ठान लिया है कि इस नए दशक में बिहार को नई ऊंचाई पर पहुंचाएंगे।’’

मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद और दूसरे चरण में अभी जो शुरुआती जानकारी मिल रही है उसके बाद एक बात साफ है कि बिहार की जनता ने डंके की चोट पर यह संदेश दे दिया है कि बिहार में फिर एक बार राजग की सरकार बनने जा रही है।

मोदी ने कहा, ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र पर चलते हुए आज राजग सरकार बिना किसी भेदभाव लोगों के हितों के लिए काम कर रही है।’’

बिहार के मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए मोदी ने कहा कि बीते दशक में नीतीश कुमार और उनकी टीम ने पूरा जोर लगाकर तमाम मान-अपमानों और जुल्म का मुकाबला करते हुए प्रदेश की आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में काम किया।

प्रधानमंत्री ने स्थानीय भाषा की एक लोकोक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में कहा जाता है- 'अनकर धन पाईं, त नौ मन तौलाईं' अर्थात स्वार्थ का भाव ये है कि जब दूसरे का पैसा है, तो जितना चाहे खरीदो, क्या फर्क पड़ता है।

उन्होंने कहा कि जो गरीब की दिक्कतों को समझते हैं, वही गरीब के लिए काम करते हैं लेकिन गरीब-गरीब की माला जपते हुए मूर्ख बनाकर अपने महल बनाने वाले, अपने दूर के रिश्तेदारों तक के लिए महल बनाने वाले लोग, आपका दर्द नहीं समझ सकते।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘झूठ बोलकर कांग्रेस ने देश के लोगों को क्या-क्या सपने दिखाए। याद कीजिए दशकों पहले के दिन, चुनाव से पहले कहते थे, गरीबी हटाएंगे, किसान का कर्जा माफ करेंगे, टैक्स कम करेंगे।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि इतिहास गवाह है, दस्तावेज गवाह हैं कि इन्होंने इसमें से एक भी काम नहीं किया, सिर्फ लोगों को गुमराह किया।

मोदी ने कहा, ‘‘आज कांग्रेस की हालत यह है कि लोकसभा और राज्यसभा को मिला दें, तो भी उसके पास 100 सांसद नहीं हैं।’’

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज 94 सीटों पर मतदान हो रहा है।

राजग की जीत का विश्वास व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘आज बिहार में गुंडागर्दी, घोटाला और रंगदारी हार रही है, कानून का राज और विकास वापस लाने वाले फिर जीत रहे हैं।’’

प्रदेश में रहीं राजद की सरकारों के संदर्भ में मोदी ने कहा कि बिहार वो दिन भूल नहीं सकता, जब चुनाव को इन लोगों (राजद ने) ने मजाक बनाकर रख दिया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि इनके लिए चुनाव का मतलब था- ‘‘चारों तरफ हिंसा, हत्याएं, बूथ कैप्चरिंग’’।

मोदी ने कहा कि बिहार के गरीबों से इन लोगों ने वोट देने तक का अधिकार छीन रखा था और तब मतदान नहीं होता था, ‘मत छीन लिया जाता था, वोट की लूट’ होती थी, गरीब के हक की लूट होती थी।

प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस महामारी के दौरान बिहार में भारी संख्या में मतदान करने के लिये प्रदेश के लोगों की सराहना की और कहा कि लोकतंत्र की इतनी बड़ी ताकत, लोकतंत्र के प्रति हर बिहारवासी का इतना बड़ा समर्पण, ये पूरे विश्व के लिए एक भरोसा जगाने वाली घटना है।

प्रधानमंत्री ने महिला मतदाताओं को जोड़ने का प्रयास करते हुए कहा, ‘‘माताएं मोदी को आशीर्वाद देती रहती हैं, इसलिए ये गरीब का बेटा, गरीबों की सेवा में अपना जीवन खपाता रहता है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटRCB vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार तीसरी हार, आरसीबी ने 43 रन से जीता बैक-टू-बैक दूसरा मुकाबला

विश्वसमय तेजी से बीत रहा और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा?, ट्रंप ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले तो?

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

क्रिकेटबेंगलुरु में छक्कों की बौछार के बीच, टिम डेविड की विस्फोटक पारी से CSK के खिलाफ RCB ने बनाया 250/3 का विशाल स्कोर

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

भारत अधिक खबरें

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह