दिल्ली के कई हिस्सों में छाया घना कोहरा, अगले दो दिन तक ‘शीत लहर’ चलने का पूर्वानुमान: आईएमडी

By भाषा | Updated: December 16, 2020 11:22 IST2020-12-16T11:22:29+5:302020-12-16T11:22:29+5:30

Cold fog in many parts of Delhi, 'cold wave' forecast for next two days: IMD | दिल्ली के कई हिस्सों में छाया घना कोहरा, अगले दो दिन तक ‘शीत लहर’ चलने का पूर्वानुमान: आईएमडी

दिल्ली के कई हिस्सों में छाया घना कोहरा, अगले दो दिन तक ‘शीत लहर’ चलने का पूर्वानुमान: आईएमडी

नयी दिल्ली, 16 दिसम्बर राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में घना कोहरा छाने के साथ ही बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को दिल्ली में दिन में ठंड रहने और शीत लहर चलने का पूर्वानुमान लगाया है।

उसने बताया कि पालम में दृश्यता गिरकर 100 मीटर हो गई थी।

आईएमडी के अनुसार शून्य से 50 मीटर के बीच दृश्यता होने पर कोहरा ‘बेहद घना’ , 50 से 200 मीटर के बीच ‘घना’, 201 से 500 के मीटर के बीच ‘मध्यम’ और 501 से 1000 के बीच दृश्यता होने पर कोहरे को ‘हल्का’ माना जाता है।

उसने बताया कि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

आईएमडी ने बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से आने वाली बर्फीली हवाओं के चलते मंगलवार को शीत लहर की घोषणा कर दी थी। दिल्ली में मंगलवार को तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम में अब तक का शहर का न्यूनतम तापमान था।

अधिकतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री कम 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

आईएमडी के अनुसार शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान के पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीत लहर के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को दिन के ठंडे रहने के साथ ही शीत लहर चलने का पूर्वानुमान है।

आईएमडी दिल्ली जैसे छोटे इलाकों में अगर एक दिन के लिए भी तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे या लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम रहता है तो शीतलहर की घोषणा कर देता है।

इस बीच, दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई।

शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 278 दर्ज किया गया। मंगलवार को 24 घंटे का औसतन एक्यूआई 230 रहा। सोमवार को यह 160, रविवार को 305 और शनिवार को 356 रहा था।

एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘सामान्य’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Cold fog in many parts of Delhi, 'cold wave' forecast for next two days: IMD

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे