चिन्मयानंद रेप केस: शाहजहांपुर में न्याय यात्रा रोके जाने पर प्रियंका गांधी का योगी सरकार पर हमला, पूछा, 'डर किस बात का है?'
By विनीत कुमार | Updated: September 30, 2019 12:07 IST2019-09-30T12:07:01+5:302019-09-30T12:07:01+5:30
चिन्मयानंद रेप केस: प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर आरोप लगाया है कि यूपी की बीजेपी सरकार शाहजहांपुर की बेटी के लिए न्याय मांगने की आवाज को दबाना चाहती है।

न्याय यात्रा रोके जाने पर प्रियंका गांधी ने जताई नाराजगी (फाइल फोटो)
स्वामी चिन्मयानंद पर रेप का आरोप लगाने वाली लड़की की गिरफ्तारी के विरोध में 'न्याय यात्रा' निकालने के लिए कांग्रेस को मंजूरी नहीं मिलने पर प्रियंका गांधी ने राज्य की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर आरोप लगाया है कि यूपी की बीजेपी सरकार शाहजहांपुर की बेटी के लिए न्याय मांगने की आवाज को दबाना चाहती है और इसलिए यात्रा को रोका गया है। साथ ही प्रियंका ने पूछा कि सरकार को आखिर किस बात का डर सता रहा है। इससे पहले शाहजहांपुर में कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद को हिरासत में लिये जाने की भी खबर आई थी।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'यूपी में अपराधियों को सरकार का सरंक्षण है कि वो बलात्कार से पीड़ित लड़की को डरा-धमका सकें। लेकिन, यूपी भाजपा सरकार शाहजहांपुर की बेटी के लिए न्याय माँगने की आवाज को दबाना चाहती है। पदयात्रा रोकी जा रही है। हमारे कार्यकर्ताओं नेताओं को गिरफ़्तार किया जा रहा है। डर किस बात का है?'
उप्र में अपराधियों को सरकार का सरंक्षण है कि वो बलात्कार से पीड़ित लड़की को डरा-धमका सकें।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) September 30, 2019
लेकिन, उप्र भाजपा सरकार शाहजहांपुर की बेटी के लिए न्याय माँगने की आवाज को दबाना चाहती है। पदयात्रा रोकी जा रही है। हमारे कार्यकर्ताओं नेताओं को गिरफ़्तार किया जा रहा है। डर किस बात का है?
शाहजहांपुर में धारा -144 लागू
कांग्रेस ने रविवार को ही शाहजहांपुर से लखनऊ के बीच 'न्याय यात्रा' के नाम से 180 किलोमीटर की पदयात्रा निकालने की घोषणा की थी। हालांकि, आज इसे इजाजत नहीं मिली। जितिन प्रसाद को शाहजहांपुर में हिरासत में ले लिया गया। साथ ही हंगामे को देखते हुए प्रशासन ने शाहजहांपुर में धारा 144 भी लगा दी। हिरासत में लिये गये जितिन प्रसाद ने कहा है कि प्रशासन कानून का हवाला देते हुए न्याया यात्रा को मंजूरी नहीं दे रहा है।
जितिन ने कहा, 'कांग्रेस आज शाहजहांपुर रेप केस की गंभीरता को सामने लाने के लिए यात्रा निकालना चाहती थी लेकिन स्थानीय प्रशासन इजाजत नहीं दे रहा है। मुझे बताएं इसमें कानून का उल्लंघन कहा हो गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।'
इससे पहले यूपी कांग्रेस विधानमण्डल दल की उप नेता आराधना मिश्रा ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किये गये चिन्मयानंद की मदद कर रही है। सरकार ने उन पर आरोप लगाने वाली छात्रा पर रंगदारी का मुकदमा दर्ज कराकर गिरफ्तार करा दिया ताकि चिन्मयानंद के खिलाफ मामले को कमजोर किया जा सके।