राजद की ओर से आयोजित दावत-ए-इफ्तार में शामिल होने के लिए पैदल ही गए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
By एस पी सिन्हा | Updated: April 9, 2023 20:17 IST2023-04-09T20:16:19+5:302023-04-09T20:17:44+5:30
दावत-ए-इफ्तार के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने आवास से पैदल चलकर राबड़ी आवास पहुंचे। जहां उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने उनका स्वागत किया। इसके साथ ही लोजपा(रामविलास) प्रमुख व सांसद चिराग पासवान भी इफ्तार में शामिल हुए।

राजद की ओर से आयोजित दावत-ए-इफ्तार में शामिल होने के लिए पैदल ही गए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
पटना: बिहार की सियासत में जारी दावत-ए-इफ्तार के क्रम आज पूर्व मुख्यमंत्री राबडी देवी के आवास पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था, जिसमें भाजपा को छोड़ सभी दलों के नेता शामिल हुए थे। वहीं शनिवार को जदयू ने हज भवन में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। आज राजद की ओर से दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों रोजेदार शामिल हुए।
दावत-ए-इफ्तार के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने आवास से पैदल चलकर राबड़ी आवास पहुंचे। जहां उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने उनका स्वागत किया। इसके साथ ही लोजपा(रामविलास) प्रमुख व सांसद चिराग पासवान भी इफ्तार में शामिल हुए।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, मंत्री विजय कुमार चौधरी पैदल मार्च कर 7 सर्कुलर रोड से निकलकर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे और इफ्तार पार्टी में शामिल हुए।
इस मौके पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी, जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो व पूर्व सांसद पप्पू यादव, मंत्री बिजेन्द्र यादव, विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर सहित कई नेता इफ्तार में शामिल हुए। इस दौरान चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पैर छुआ और आशीर्वाद लिया।
मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग ने कहा कि वे पहले भी राजद के इफ्तार पार्टी में शामिल हो चुके हैं। यह कोई पहली बार नहीं है। पहले भी वे राजद के इफ्तार पार्टी में पहुंच चुके है। राबड़ी आवास में लंबे समय के बाद जाप सुप्रीमो पप्पू यादव पहुंचे थे। तेजस्वी यादव ने हाथ मिलाकर पप्पू यादव का स्वागत किया।
