लाइव न्यूज़ :

मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा, पौधे लगाने वाले आठवीं से 12वीं कक्षा के छात्रों को मिलेंगे अतिरिक्त अंक

By भाषा | Updated: June 20, 2021 23:41 IST

Open in App

चंडीगढ़, 20 जून हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को एक नई नीति की घोषणा की, जिसके तहत आठवीं से 12वीं कक्षा तक के उन छात्रों को अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे जो पौधे लगाएंगे और उसकी देखभाल करेंगे।

उन्होंने कहा कि अंतिम परीक्षा में कुछ अतिरिक्त अंक का यह प्रावधान राज्य के स्कूली शिक्षा बोर्ड के तहत आने वाले स्कूलों के छात्रों के लिए होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रावधान के प्रारूप पर जल्द ही काम किया जाएगा।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि उन्होंने पंचकूला जिले में मोरनी पहाड़ियों में स्थित ‘नेचर कैंप’ थापली और प्राकृतिक रास्तों के मनोरम दृश्य के बीच एक पंचकर्म स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करने के बाद यह घोषणा की।

खट्टर ने पंचकूला जिले के मोरनी पहाड़ी क्षेत्र में गर्म हवा के गुब्बारे, पैराग्लाइडिंग और पानी पर चलने वाले स्कूटर सहित रोमांचक खेलों में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी क्षेत्रों के युवाओं को पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा और इन गतिविधियों के संचालन के लिए एक क्लब बनाया जाएगा। क्लब का नाम महान खिलाड़ी मिल्खा सिंह के नाम पर रखा जाएगा, जिनका शुक्रवार को यहां कोविड-19 संबंधी जटिलताओं के कारण निधन हो गया।

खट्टर ने कहा, "इसका नाम 'फ्लाइंग सिख' (दिवंगत) मिल्खा सिंह के नाम पर रखा जाएगा।"

उन्होंने कहा कि पंचकूला और उसके आसपास के क्षेत्रों की एकीकृत विकास योजना से स्थानीय लोगों को रोजगार के कई अवसर मिलेंगे और पंचकूला को देश का सबसे विकसित शहर बनने में मदद मिलेगी। बयान में कहा गया है कि पंचकूला एकीकृत विकास परियोजना के तहत मोरनी पहाड़ियों में वन विभाग द्वारा ग्यारह प्राकृतिक रास्ते (ट्रेल्स) विकसित किए गए हैं। स्थानीय युवा गाइड के रूप में काम करेंगे और पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और परंपराओं और क्षेत्र के वनस्पतियों और जीवों के बारे में भी समझाएंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पर्यटन मंत्री कंवर पाल सहित अन्य लोग मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले लोगों को रोमांचक खेलों का आनंद लेने के लिए मनाली और अन्य स्थानों पर दूर जाना पड़ता था। उन्होंने कहा, "शिवालिक पहाड़ियों की पृष्ठभूमि के बीच स्थित मोरनी हिल्स क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां शुरू करने से लोगों को न केवल इन रोमांचक गतिविधियों में शामिल होने का मौका मिलेगा, बल्कि इससे आसपास के क्षेत्र का आर्थिक विकास भी होगा।"

उन्होंने यह भी कहा कि पंचकूला में पर्यटन सूचना केंद्र और यात्री निवास स्थापित किया जाएगा। पर्यटकों के लिए 'पंचकूला दर्शन' के लिए पांच बसें तैनात की जाएंगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतPunjab Local Body Election Results: पंजाब में 22 जिला परिषद के 347 क्षेत्र और 153 पंचायत समिति के 2,838 क्षेत्रों में चुनाव, आप ने 63 और 54 फीसदी में विजय पताका लहराई, देखिए कौन जीता?

क्राइम अलर्टखेत में गई थी 3 साल की बच्ची, 25 वर्षीय कल्लू उठाकर घर ले गया और किया दुष्कर्म, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया अरेस्ट

क्रिकेटSyed Mushtaq Ali Trophy Final: टी20 विश्व कप में खेलेंगे इशान किशन?, 10 मैच, 10 पारी, 517 रन, 51 चौके और 33 छक्के, जानें प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज कौन?

क्रिकेटSyed Mushtaq Ali Trophy Final: फाइनल में 101 रन बनाकर किशन कारनामा? पहली बार चैंपियन झारखंड, हरियाणा को 69 रन से हराया, 5 शतक लगाकर अभिषेक शर्मा रिकॉर्ड की बराबरी?

भारतTelangana GP Polls Results: 4159 ग्राम पंचायतों में से कांग्रेस ने 2,246, बीआरएस ने 1,163 और भाजपा ने सीटें जीतीं

भारत अधिक खबरें

भारतमहाराष्ट्र नगर निगम चुनावः कांग्रेस को झटका, राजीव सातव की पत्नी और एमएलसी प्रज्ञा सातव भाजपा में शामिल

भारतगुरु घासीदास बाबा ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का दिया संदेश: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

भारतभाजपा में संगठन सर्वोपरि और संगठन ही शक्ति व विचारधारा ही प्राण?, भाजपा बिहार के नव नियुक्त अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यभार संभाला

भारतदिल्ली में CNG गाड़ियों को बड़ा झटका! अब इन वाहनों को नहीं मिलेगी गैस, निकलने से पहले जरूर देखें ये डॉक्यूमेंट

भारतPunjab Local Body Election Results: कुल 2838 जोन, आम आदमी पार्टी ने 1494, कांग्रेस 567, शिरोमणि अकाली दल ने 390 और भाजपा ने 75 जोन जीते