मुख्यमंत्री गहलोत ने नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए

By भाषा | Updated: July 23, 2021 21:43 IST2021-07-23T21:43:51+5:302021-07-23T21:43:51+5:30

Chief Minister Gehlot instructed to expedite the construction work of new medical colleges | मुख्यमंत्री गहलोत ने नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री गहलोत ने नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए

जयपुर, 23 जुलाई राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में सभी नये स्वीकृत मेडिकल कॉलेजों के निर्माण का काम समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही कोरोना वायरस की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में ऑक्सीजन व आईसीयू बेड तथा शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं को तेजी से मजबूत किया जाए।

गहलोत शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य है जो सभी जिलों में राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में स्वीकृत मेडिकल कॉलेजों का काम समय पर पूरा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों का काम पूरा होने से प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सा संस्थानों का बड़ा नेटवर्क तैयार होगा और रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में मेडिकल कॉलेजों का निर्माण चल रहा है, उसे गति दी जाए और जहां भूमि आवंटन का काम प्रक्रियाधीन है, उसे शीघ्र पूरा कर जल्द से जल्द निर्माण शुरू किया जाए।

गहलोत ने कहा कि वर्तमान व भावी आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य करवाए जाएं। इनके निर्माण में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के लिए निगरानी प्रकोष्ठ का गठन किया जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज व इनसे संबद्ध चिकित्सालयों में ऑक्सीजन संयंत्रों की स्थापना, ऑक्सीजन, आईसीयू व वेंटीलेटर बेड की संख्या में बढ़ोतरी, नवजात व शिशु गहन चिकित्सा इकाई में बेड बढ़ाने सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने का काम तेजी से किया जाए।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि नए मेडिकल कॉलेजों का काम समय पर पूरा होने से विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर किया जा सकेगा और प्रदेशवासियों को अपने जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

चिकित्सा शिक्षा सचिव वैभव गालरिया ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए 15 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में ऑक्सीजन बेड तथा आईसीयू बेड की संख्या दोगुनी तक बढ़ाई गई है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Chief Minister Gehlot instructed to expedite the construction work of new medical colleges

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे