मुख्यमंत्री ने हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे, निक्की प्रधान को 50-50 लाख रुपये का चेक दिया

By भाषा | Updated: August 11, 2021 20:03 IST2021-08-11T20:03:06+5:302021-08-11T20:03:06+5:30

Chief Minister gave a check of Rs 50 lakh each to hockey players Salima Tete, Nikki Pradhan | मुख्यमंत्री ने हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे, निक्की प्रधान को 50-50 लाख रुपये का चेक दिया

मुख्यमंत्री ने हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे, निक्की प्रधान को 50-50 लाख रुपये का चेक दिया

रांची, 11 अगस्त तोक्यो ओलंपिक में पहली बार अंतिम चार में पहुंचकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य झारखंड की बेटियों सलीमा टेटे और निक्की प्रधान का बुधवार को यहां पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दोनों खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये का चेक, स्कूटी, लैपटॉप और स्मार्ट फोन उपहार स्वरूप प्रदान किया। साथ ही वादा किया कि दोनों खिलाड़ियों को राज्य सरकार तीन हजार वर्ग फीट में शहर में मकान बनाकर देगी।

झारखंड की दोनों ओलंपियन बेटियों सिमडेगा जिले की सलीमा टेटे और खूंटी की निक्की प्रधान का तोक्यो ओलंपिक से आज यहां वापस लौटने पर हवाईअड्डे पर ही भव्य स्वागत किया गया। बाद में यहां मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें 50-50 लाख रुपये का चेक, स्कूटी, लैपटॉप और स्मार्ट फोन उपहार स्वरूप प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के दौरान चोटिल होने वाले खिलाड़ियों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘जहां हर दिन जीविका को लेकर चुनौतियों से जूझना पड़ता है वहां सीमित संसाधनों के बीच यहां के बेटे-बेटियां आज खेल की दुनियां में अपने शानदार प्रदर्शन से राज्य और देश का नाम रौशन कर रही हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य अब खेलों में भी अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस दिशा में खेल और खिलाड़ियों के हित में सरकार चरणबद्ध तरीके से कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘अभी तो शुरुआत है और आने वाले दिनों में और तेजी आएगी। राज्य गठन के बाद पहली बार हमारी सरकार ने खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति की। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़यों की सीधी नियुक्ति हो रही है। अबतक चालीस खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जा चुका है।’’

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हॉकी स्टिक पर इन दोनों खिलाड़ियों के लिए शुभकामना संदेश लिखा तो निक्की प्रधान और सलीमा टेटे ने ऑटोग्राफ दिए।

सम्मन समारोह में खेल मंत्री हफीजुल हसन अंसारी, मंत्री जोबा मांझी, विधायक भूषण बाड़ा, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, खेल सचिव अमिताभ कौशल, खेल निदेशक जीशान कमर और निक्की प्रधान तथा सलीमा टेटे के परिजन उपस्थित थे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Chief Minister gave a check of Rs 50 lakh each to hockey players Salima Tete, Nikki Pradhan

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे