चारधाम यात्राः 38 तीर्थयात्रियों की मृत्यु?, चारों धामों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, कुल 12.60 लाख से अधिक दर्शन
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 14, 2026 16:57 IST2026-05-14T16:56:46+5:302026-05-14T16:57:45+5:30
Char Dham Yatra: केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को जबकि बदरीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे।

file photo
देहरादून: उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में चल रही चारधाम यात्रा के शुरुआती तीन सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अब तक 38 तीर्थयात्रियों की मृत्यु दर्ज की गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने यह जानकारी दी। चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को जबकि बदरीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे।
एसईओसी के अनुसार, 13 मई की शाम पांच बजे तक चारधाम यात्रा के दौरान 38 श्रद्धालुओं की मौत की सूचना मिली है। इनमें केदारनाथ में सबसे अधिक 21 मौतें दर्ज की गईं, जबकि बदरीनाथ में सात तथा गंगोत्री और यमुनोत्री में पांच-पांच श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई। अधिकारियों ने बताया कि ये मौतें विभिन्न स्वास्थ्य कारणों से हुई हैं।
जिनमें ऊंचाई के कारण होने वाली स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां और दिल का दौरा प्रमुख हैं। यात्रा शुरू होने के बाद से चारों धामों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बुधवार शाम सात बजे तक कुल 12.60 लाख से अधिक तीर्थयात्री मंदिरों में दर्शन कर चुके हैं।