ईंधन की कीमतों में कमी लाने के लिए प्रयास करे केन्द्र : विजयन
By भाषा | Updated: June 2, 2021 16:48 IST2021-06-02T16:48:37+5:302021-06-02T16:48:37+5:30

ईंधन की कीमतों में कमी लाने के लिए प्रयास करे केन्द्र : विजयन
तिरुवनंतपुरम, दो जून केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार को ऐसी नीतियों को लागू करने से बचना चाहिए जिसके परिणामस्वरूप ईंधन की कीमतों में बेकाबू वृद्धि हो रही है।
विजयन ने विधायक सी एच कुनहम की ओर से विधानसभा में लाए गए एक प्रस्ताव के संबंध में यह बयान दिया। प्रस्ताव में केन्द्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों पर लगने वाले कर को घटाने का आग्रह किया गया है, ताकि ईंधनों की कीमतों में कमी की जा सके।
विजयन ने कहा, ‘‘ केन्द्र सरकार की ओर से नियमित रूप से ईंधनों की कीमतों में वृद्धि करने से महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिसका सीधा असर आर्थिक विकास पर पड़ता है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि होने से केरल जैसे राज्य की अर्थव्यवस्था प्रभावित होती है। केन्द्र को ऐसी नीतियां लागू करने से बचना चाहिए, जिसके कारण ईंधनों की कीमतों में अनियंत्रित वृद्धि हो रही है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में कमी का लाभ घरेलू स्तर पर लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत बाजार में कम होती है, तो केंद्र सरकार उत्पाद शुल्क बढ़ाती है, जिसके कारण लोगों को कोई फायदा नहीं होता है।
उन्होंने कहा कि केवल 2021 में ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 19 बार वृद्धि की गयी है। पिछले छह वर्षों के दौरान पेट्रोल और डीजल पर केन्द्र की ओर से लगाया जाने वाला कर 307 प्रतिशत तक बढ़ा है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।