असम के लुमडिंग जंगलों में वन्य भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान संपन्न
By भाषा | Updated: November 10, 2021 00:58 IST2021-11-10T00:58:30+5:302021-11-10T00:58:30+5:30

असम के लुमडिंग जंगलों में वन्य भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान संपन्न
होजाई (असम), नौ नवंबर गुवाहाटी उच्च न्यायालय के आदेश के बाद होजाई जिले के लुमडिंग संरक्षित वन्य क्षेत्र से अतिक्रमणकारियों को हटाने का दो दिवसीय अभियान मंगलवार को संपन्न हुआ।
प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बेदखल व्यक्तियों के एक समूह और न्याय पाने में मदद करने का वादा करने वाले एक व्यक्ति के बीच हाथापाई को छोड़कर, यह अभियान शांतिपूर्ण रहा।
दारांग जिले के गोरुखुटी इलाके में असम सरकार द्वारा एक विवादास्पद अतिक्रमण रोधी अभियान के डेढ़ महीने बाद बेदखली अभियान शुरू हुआ। अभियान में 12 वर्षीय लड़के सहित दो लोगों की मौत हो गई थी। घटना में घायल हुए 20 लोगों में कई पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
अधिकारी ने बताया कि जंगल के कमरपानी और बेतनाला क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के पहले चरण में सोमवार को 562 और मंगलवार को 108 घरों को गिराकर कुल 670 परिवारों को खाली कराया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।