Bypoll Results 2022: राजद के अमर पासवान 30000 वोट से आगे निकले, VIP ने बीजेपी को दिया झटका, पूर्व विधायक बेबी कुमारी पिछड़ी
By सतीश कुमार सिंह | Updated: April 16, 2022 13:04 IST2022-04-16T12:56:27+5:302022-04-16T13:04:52+5:30
Bypoll Results 2022: अमर पासवान ने कुल 66567 मत हासिल किए हैं, जबकि कुमारी को 36801 मत मिले हैं। वहीं, विकासशील इंसान पार्टी की गीता कुमारी तीसरे स्थान पर हैं, जिन्हें 21573 मत हासिल हुए हैं।

59.20 प्रतिशत ने 12 अप्रैल को हुए उपचुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
Bypoll Results 2022: बिहार में बोचहा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी अमर कुमार पासवान अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की बेबी कुमारी से 30000 मतों से आगे चल रहे हैं।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 दौर की मतगणना पूरी होने के बाद पासवान ने कुल 66567 मत हासिल किये हैं, जबकि कुमारी को 36801 मत मिले हैं। वहीं, विकासशील इंसान पार्टी की गीता कुमारी तीसरे स्थान पर हैं, जिन्हें 21573 मत हासिल हुए हैं।
अधिकारी ने बताया कि मुफ्फरपुर जिले में आने वाली बोचहा विधानसभा उपचुनाव में मतगणना सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई थी। बोचहा से विधायक मुसाफिर पासवान के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी थी।
पासवान ने 2020 में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर बोचहां से चुनाव जीता था। इस सीट पर कुल 2,90,544 मतदाता हैं, जिनमें से 59.20 प्रतिशत ने 12 अप्रैल को हुए उपचुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इस सीट पर तीन महिलाओं सहित कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे।