ससुराल वालों को जहर देने के मामले में गिरफ्तार बिल्डर की पत्नी की मौत

By भाषा | Updated: April 9, 2021 21:42 IST2021-04-09T21:42:28+5:302021-04-09T21:42:28+5:30

Builder's wife arrested for poisoning in-laws | ससुराल वालों को जहर देने के मामले में गिरफ्तार बिल्डर की पत्नी की मौत

ससुराल वालों को जहर देने के मामले में गिरफ्तार बिल्डर की पत्नी की मौत

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल दिल्ली में पत्नी तथा उसके परिवार के सदस्यों को खाने में ''थैलियम'' नामक जहर मिलाकर देने का मामला सामने आने के कुछ सप्ताह बाद आरोपी बिल्डर की पत्नी की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बिल्डर की पत्नी दिव्या अरोड़ा की बृहस्पतिवार शाम को अस्पताल में मौत हो गई, वह वेंटिलेटर पर थीं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वरुण अरोड़ा ने इराक के पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन द्वारा इस जहर के इस्तेमाल से संबंधित लेखों से प्रेरित होकर अपनी सास, पत्नी, ससुर और साली को जान से मारने के लिये जहर का इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा कि अरोड़ा ने अपनी स्वीकृति के बगैर पत्नी द्वारा गर्भपात कराए जाने और इसमें मदद के लिये ससुराल वालों से बदला लेने के वास्ते उनके खाने में जहर मिला दिया था।

पुलिस को 22 मार्च को सूचना मिली थी कि यहां इंद्रपुरी में रहने वाली अनीता देवी शर्मा नामक महिला को सर गंगा राम अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।

डॉक्टरों को संदेह था कि इनकी मौत 'थैलियम' नामक जहर के चलते हुई, जो उनके खून और पेशाब में मिला।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि शर्मा की बेटी दिव्या भी सर गंगा राम अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। उसे भी जहर दिया गया है। वह वेंटिलेटर पर है।

पुलिस को कुछ समय बाद पता चला था कि शर्मा की छोटी बेटी प्रियंका की भी 15 फरवरी को बी एल कपूर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे भी वही जहर दिये जाने की बात सामने आई।

शर्मा के पति देवेन्द्र मोहन के शरीर में भी थैलियम जहर के लक्षण मिले जबकि उनके घर में काम करने वाली महिला भी इन्हीं लक्षणों से ग्रस्त पाई गई। उनका भी आरएमएल अस्पताल में इलाज चल रहा था।

जांच में पता चला था कि मृत महिला का दामाद वरूण अरोड़ा जनवरी में उनके घर पकी हुई मछली लेकर आया था।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) उर्जिवा गोयल ने कहा था, ''मामला दर्ज किये जाने के बाद अरोड़ा से पूछताछ की गई तो उसने थैलियम खरीदने और अपनी सास अनीता, पत्नी दिव्या, ससुर देवेन्द्र मोहन और साली प्रियंका से बदला लेने के लिये उन्हें जहर खिलाने की बात स्वीकार की। अरोड़ा ने कहा कि उसके ससुराल वाले उसका अपमान करते थे।''

डीसीपी ने कहा कि ग्रेटर कैलाश में उसके घर से थैलियम जहर मिला था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Builder's wife arrested for poisoning in-laws

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे