कर्नाटक CM बी एस येदियुरप्पा ने कोरोना से जीती जंग, अस्पताल से मिली छुट्टी
By स्वाति सिंह | Updated: August 10, 2020 18:24 IST2020-08-10T18:23:52+5:302020-08-10T18:24:13+5:30
कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण के 5,985 मामले सामने आए और कोविड-19 से 107 मरीजों की मौत हो गई। इसके बाद संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1.78 लाख हो गई।

कोविड-19 से पूरी तरह से उबरने के बाद मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को मणिपाल अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है।
बेंगलुरू: कोरोना वायरस से संक्रमित कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं और उन्हें सोमवार को यहां एक निजी अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। राज्य सरकार ने एक बयान में यह जानकारी दी।
येदियुरप्पा (77) को दो अगस्त को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, ‘‘कोविड-19 से पूरी तरह से उबरने के बाद मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को मणिपाल अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है।"
Chief Minister BS Yediyurappa was today discharged from Manipal Hospitals in Bengaluru after he recovered from #COVID19: Karnataka Chief Minister's Office (CMO)
— ANI (@ANI) August 10, 2020
The CM had tested positive for the disease on August 2. pic.twitter.com/j9XIanY7FH
बता दें कि येदियुरप्पा ने खुद कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की थी। उन्होंने ट्वीट किया था, 'मेरी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हालांकि, मेरी तबीयत ठीक है, परन्तु डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं।' येदियुरप्पा ने बीते कुछ दिनों के दौरान अपने संपर्क में आए लोगों से भी अपना ध्यान रखने और पृथक-वास में रहने का अनुरोध किया था।
कर्नाटक में कोविड-19 संक्रमण के 5,985 नए मामले
कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण के 5,985 मामले सामने आए और कोविड-19 से 107 मरीजों की मौत हो गई। इसके बाद संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1.78 लाख हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार रविवार को कोविड-19 के 5,670 मरीज ठीक हो गए। अब तक राज्य में इस महामारी की चपेट में आए लोगों में से 93,908 लोग ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 80,973 मरीजों का उपचार चल रहा है जिनमें से 678 आईसीयू में भर्ती हैं। अकेले बेंगलुरु में संक्रमण के 1,948 मामले सामने आए और महामारी से 22 मरीजों की मौत हो गई। अब तक बेंगलुरु में कोविड-19 से 1,240 लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को 107 मरीजों की मौत होने के बाद राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 3,198 हो गई है।
