बोइता बंदना: जाजपुर के मंदिरों के आसपास धारा 144 लागू की जाएगी
By भाषा | Updated: November 17, 2021 22:49 IST2021-11-17T22:49:51+5:302021-11-17T22:49:51+5:30

बोइता बंदना: जाजपुर के मंदिरों के आसपास धारा 144 लागू की जाएगी
जाजपुर (ओडिशा), 17 नवंबर ओडिशा के जाजपुर जिले में कई मंदिरों के आसपास कर्फ्यू लगाया जाएगा क्योंकि 'बोइता बंदना' उत्सव के दौरान इन मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
एक अधिसूचना के अनुसार, सीआरपीसी की धारा 144 के तहत बृहस्पतिवार और शुक्रवार को धर्मस्थलों पर निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
देउली में गोकर्णेश्वर, मिर्जापुर में श्याम सुंदर, कोटापुर में बुधलिंग और जाजपुर शहर के जगन्नाथ मंदिरों और बैतरणी नदी के किनारे दशाश्वमेध घाट के आसपास पाबंदियां लगा दी गई हैं।
अधिसूचना में कहा गया है कि धर्मशाला और जाजपुर थानों के निरीक्षकों को इस संबंध में आदेश जारी करने और इस अवधि के दौरान कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
ओडिशा पर्यटन के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर 'बोइता बंदना' के दौरान, लोग राज्य के प्राचीन समुद्री इतिहास को चिह्नित करने के लिए कॉर्क, रंगीन कागज या बरगद के पेड़ की छाल से बनी छोटी नाव पानी में छोड़ते हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।