लुधियाना जिला अदालत परिसर में विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत

By भाषा | Updated: December 23, 2021 16:03 IST2021-12-23T16:03:46+5:302021-12-23T16:03:46+5:30

Blast in Ludhiana district court complex, one dead | लुधियाना जिला अदालत परिसर में विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत

लुधियाना जिला अदालत परिसर में विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत

लुधियाना (पंजाब), 23 दिसंबर पंजाब के लुधियाना में बृहस्पतिवार को जिला अदालत परिसर में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि अदालत परिसर की दूसरी मंजिल पर बने शौचालय में विस्फोट हुआ। उस समय जिला अदालत की कार्यवाही चल रही थी।

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि परिसर की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और परिसर में खड़े कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

इससे पहले पुलिस ने विस्फोट में दो लोगों की मौत होने का दावा किया था लेकिन बाद में बताया गया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है।

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि विस्फोट की निंदा करते हुए कहा कि वह स्थिति का जायजा लेने लुधियाना जाएंगे।

चन्नी ने चंडीगढ़ में पत्रकारों से कहा, ‘‘ लुधियाना में विस्फोट हुआ है... मैं सीधे लुधियाना ही जा रहा हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ जैसे-जैसे (विधानसभा) चुनाव नजदीक आ रहे हैं, कुछ राष्ट्र विरोधी तथा राज्य विरोधी ताकतें इस तरह के घिनौने कृत्यों को अंजाम देने की कोशिश कर रही हैं....इसको लेकर सरकार सतर्क है और लोगों को भी सतर्क रहना चाहिए।’’

चन्नी ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

लुधियाना के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि इलाके को सील कर दिया गया है और फोरेंसिक टीम विस्फोट जांच के लिए स्थल से नमूने एकत्र करेगी।

प्राथमिक जांच से जुड़े एक सवाल पर भुल्लर ने कहा कि अभी कुछ भी कहना मुश्किल है। जांच जारी है।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें इस घटना के हताहतों के बारे में जानकर दुख हुआ।

सिंह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘लुधियाना अदालत परिसर में विस्फोट की विचलित करने वाली खबर। हताहत हुए लोगों के बारे में जानकर दुख हुआ। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पंजाब पुलिस को इसकी तह तक जाना चाहिए।’’

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा, ‘'लुधियाना की जिला अदालत में विस्फोट की खबर से स्तब्ध हूं, जिसमें कुछ लोग हताहत हुए हैं। गुरु साहिब दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें। पंजाब सरकार को राज्य में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध के बजाय कानून और व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए।’’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग पंजाब में शांति भंग करना चाहते हैं।

केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘पहले बेअदबी, अब विस्फोट। कुछ लोग पंजाब की शांति भंग करना चाहते हैं। पंजाब के तीन करोड़ लोग उनकी साजिशों को सफल नहीं होने देंगे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Blast in Ludhiana district court complex, one dead

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे