बीजू पटनायक के नजदीकी सहयोगी रहे बी के बर्मा का कोविड-19 से निधन

By भाषा | Updated: June 5, 2021 19:47 IST2021-06-05T19:47:37+5:302021-06-05T19:47:37+5:30

BK Burma, a close aide of Biju Patnaik, died of Kovid-19 | बीजू पटनायक के नजदीकी सहयोगी रहे बी के बर्मा का कोविड-19 से निधन

बीजू पटनायक के नजदीकी सहयोगी रहे बी के बर्मा का कोविड-19 से निधन

भुवनेश्वर, पांच जून बीजू पटनायक के करीबी सहयोगी रहे एवं पार्टी के पूर्व विधायक बिक्रम केशरी बर्मा का शनिवार को यहां एक निजी कोविड-19 अस्पताल में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे।

बर्मा के दामाद निरंजन भुइयां ने बताया कि बर्मा को 26 मई को वायरस से संक्रमित पाये जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, शुक्रवार रात उनकी हालत बिगड़ गई और शनिवार सुबह उनका निधन हो गया। उन्होंने कहा कि कटक जिले के महंगा के पूर्व विधायक बर्मा का अंतिम संस्कार सत्य नगर श्मशान में किया जाएगा।

बर्मा 2004 में कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मंत्री एस के मतलुब अली को लगभग 9,000 मतों से हराकर बीजद उम्मीदवार के रूप में महंगा निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए थे। बर्मा ने ओडिशा राज्य काजू विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।

ओडिशा के मुख्यमंत्री एवं बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पंचायती राज मंत्री और अब विधानसभा में महंगा का प्रतिनिधित्व कर रहे प्रताप जेना ने भी बर्मा के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि बर्मा एक सरल और मृदुभाषी व्यक्ति थे। उन्होंने कहा कि महंगा निर्वाचन क्षेत्र में उनके विकास कार्यों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ट्वीट किया, ‘‘कटक जिले के महंगा निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व विधायक बिक्रम केशरी बर्मा के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना।’’ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा ने कहा कि एक बहुत ही ईमानदार नेता के तौर पर उनकी काफी प्रशंसा की जाती है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ज्योति प्रकाश पाणिग्रही, ऊर्जा मंत्री डी एस मिश्रा और कई अन्य मंत्रियों ने बर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: BK Burma, a close aide of Biju Patnaik, died of Kovid-19

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे