असम के विकास को बनाए रखने के लिए भाजपा का सत्ता में लौटना अहमः जितेंद्र सिंह
By भाषा | Updated: February 23, 2021 20:50 IST2021-02-23T20:50:12+5:302021-02-23T20:50:12+5:30

असम के विकास को बनाए रखने के लिए भाजपा का सत्ता में लौटना अहमः जितेंद्र सिंह
रंगिया (असम), 23 फरवरी केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि असम में विकास यात्रा की निरंतरता को बनाए रखने के लिए राज्य में भाजपा का फिर से सत्ता में लौटना अहम है।
रंगिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि राज्य में 2016 में सर्बानंद सोनोवाल की सरकार बनने के बाद विकास ने गति पकड़ी है और विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के कार्यान्वयन और केंद्रीय परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में बेहतरीन समन्वय रहा।
उन्होंने कहा, " विकास यात्रा की निरंतरता को बनाए रखने के लिए राज्य में भाजपा का फिर से सत्ता में लौटना अहम है।"
केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में वापस आती है तो राज्य सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दे सकेगी।
सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिर्फ छह साल में पूर्वोत्तरी राज्यों का 40 से अधिक बार दौरा किया है। अगर उनके सभी पूर्ववर्तियों के दौरों की संख्या को भी मिला दिया जाए तो भी यह अधिक है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने असम का मुश्किल से ही कोई दौरा किया जबकि वह राज्य से राज्यसभा सदस्य थे।
उन्होंने दावा किया कि संप्रग सरकार के दौरान विकास और उन्नति के मामले में असम को कई दशक पीछे धकेल दिया गया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।