सोनोवाल को भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व नयी जिम्मेदारी सौंपेगा: हिमंत बिस्व सरमा

By भाषा | Updated: June 3, 2021 15:54 IST2021-06-03T15:54:12+5:302021-06-03T15:54:12+5:30

BJP's central leadership will assign new responsibility to Sonowal: Himanta Biswa Sarma | सोनोवाल को भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व नयी जिम्मेदारी सौंपेगा: हिमंत बिस्व सरमा

सोनोवाल को भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व नयी जिम्मेदारी सौंपेगा: हिमंत बिस्व सरमा

नयी दिल्ली, तीन जून असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के राज्य और केंद्र, दोनों जगहों पर अनुभव को देखते हुए उन्हें भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व नयी जिम्मेदारी प्रदान करेगा।

हालांकि सरमा ने यह भी कहा कि उन्हें सोनोवाल के लिए पार्टी नेतृत्व की योजना की जानकारी नहीं है।

उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जब सोनोवाल और मेरी भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से पिछली बैठक हुई थी तो उन्होंने हमसे कहा था कि अगले पांच साल के लिए हिमंत मुख्यमंत्री होंगे वहीं सोनोवाल को नयी जिम्मेदारी दी जाएगी।’’

सरमा ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सोनोवाल के बारे में केंद्रीय नेतृत्व फैसला लेगा।’’

उनसे इन अटकलों के बारे में पूछा गया था कि सोनोवाल को केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

सरमा ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के नाते सोनोवाल के अनुभव का पार्टी निश्चित रूप से उपयोग करेगी।

सोनोवाल 2014 से 2016 तक मोदी सरकार में खेल मंत्री रहे थे इसके बाद उन्हें असम का मुख्यमंत्री बनाया गया और वह इस पद पर 2016 से पिछले महीने तक रहे।

अब उनकी जगह सरमा को असम का मुख्यमंत्री बनाया गया है जो सोनोवाल की सरकार में उप मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

सरमा ने कहा, ‘‘जिम्मेदारियां सौंपने के अनेक तरीके होते हैं।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री होना जिम्मेदारी है, इसी तरह मुख्यमंत्री होना या केंद्रीय मंत्री होना या पार्टी का जिलाध्यक्ष होना भी जिम्मेदारी है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: BJP's central leadership will assign new responsibility to Sonowal: Himanta Biswa Sarma

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे