BJP सांसद के पैर धोकर कार्यकर्ता ने पिया पानी, बवाल मचने के बाद दी सफाई
By रामदीप मिश्रा | Updated: September 17, 2018 10:38 IST2018-09-17T10:38:37+5:302018-09-17T10:38:37+5:30
BJP MP Nishikant Dubey: कझिया नदी पर 21 करोड़ लागत से हाइलेवल पूल का निर्माण होना है, जिसका शिलान्यास निशिकांत दुबे ने किया। इसके बाद प्रखंड के पूर्व महामंत्री पवन कुमार शाह ने सांसद निशिकांत दुबे के पैरों को धोकर पानी पिया।

BJP सांसद के पैर धोकर कार्यकर्ता ने पिया पानी, बवाल मचने के बाद दी सफाई
रांची, 17 सितंबरः झारखंड के गोड्डा जिले से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद निशिकांत दुबे की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसके बाद हंगामा खड़ा हो गया है। लोग उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल कर रहे हैं और उनके इस तस्वीर की जमकर आलोचना हो रही है। दरअसल, मामला ऐसा है कि निशिकांत दुबे जिले के कलाली के कन्ह्वारा गांव पहुंचे थे।
यहां कझिया नदी पर 21 करोड़ लागत से हाइलेवल पूल का निर्माण होना है, जिसका शिलान्यास निशिकांत दुबे ने किया। इसके बाद प्रखंड के पूर्व महामंत्री पवन कुमार शाह ने सांसद निशिकांत दुबे के पैरों को धोकर पानी पिया।
सांसद ने यह पूरा वाक्या सोशल मीडिया पर शेयर कराया, जिसके बाद वह ट्रोल हो गए। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, 'आज मैं अपने आप को बहुत छोटा कायकर्ता समझ रहा हूँ ,भाजपा के महान कार्यकर्ता पवन साह जी ने पुल की ख़ुशी में हज़ारों के सामने पैर धोया व उसको अपने वादे पुल की ख़ुशी में शामिल किया, काश यह मौका मुझे माता-पिता के बाद एक दिन मिले, मैं भी कार्यकर्ता का चरणामृत पियूँ, जय भाजपा जय भारत।'
मामला बढ़ने के बाद उन्होंने सफाई दी और एक अन्य फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'अपनो में श्रेष्ठता बांटी नही जाती और कार्यकर्ता यदि खुशी का इजहार पैर धोकर कर रहा है तो क्या गजब हुआ? उन्होंने जनता के सामने कसम खाया था, उनको ठेस ना पहुंचे सम्मान किये। पैर धोना तो झारखंड मेंअतिथि के लिए होता ही है, सारे कार्यक्रम में आदिवासी महिलाएं क्या यह नहीं करती हैं? इसे राजनितिक रंग क्यूं घस रहे हैः पैर अतिथि का धोना गलत है, अपने पुरखो से पुछीये ,महाभारत में कृष्ण जी ने क्या पैर नहीं धोया था? लानत है घटिया मानसिकता पर।'
मिली जानकारी के अनुसार, बीजेपी के कार्यकर्ता पवन साह ने कहा जिस पुल का शिलान्यास किया गया है उसके लिए उन्होंने सबसे पहले पहल की थी। उनकी पहल पर सांसद निशिकांत दुबे ने वादा किया था कि वह पुल का निर्माण करवाएंगे और अब उन्होंने वादा पूरा किया। इस कारण उन्होंने गांव वालों के सामने सांसद की सहमति से चरण धोये और उसे पीकर अपना किया वादा निभाया।
