लाइव न्यूज़ :

फिर से सत्ता में आने पर भाजपा बांग्लादेशी घुसपैठियों को असम में नहीं घुसने देगी : राजनाथ

By भाषा | Updated: March 23, 2021 20:19 IST

Open in App

लुमडिंग/होजाई, 23 मार्च अवैध घुसपैठ पर सभी से राजनीति करने से बचने की अपील करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि यदि भाजपा सत्ता में आई तो बांग्लादेशी घुसपैठियों को किसी भी कीमत पर असम में नहीं घुसने दिया जाएगा।

सिंह ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पड़ोसी देश से घुसपैठ को रोकने के लिए भाजपा सरकार ने असम में समूची भारत-बांग्लादेश सीमा पर इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली स्थापित कर दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम असम में बांग्लादेशी घुसपैठियों को किसी भी कीमत पर नहीं घुसने देंगे। हम अवैध घुसपैठ पर राजनीति नहीं होने देंगे।’’

सिंह ने कहा कि असम और त्रिपुरा में भाजपा की सरकार है तथा पश्चिम बंगाल में भी इस बार भाजपा सत्ता में आएगी तथा तब बांग्लादेश से इन तीनों राज्यों में होने वाली घुसपैठ की समस्या का समाधान किया जाएगा।

भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष दुष्प्रचार कर रहा है कि भगवा दल असम की सभ्यता, संस्कृति और पहचान पर हमला कर रहा है तथा इसे नष्ट कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ऐसा करने की सोच भी नहीं सकती। आज मैं कह सकता हूं कि हम किसी को भी असम की पहचान से छेड़छाड़ नहीं करने देंगे। यदि हमारा कोई बुरा इरादा होता तो हमने डॉ. भूपेन हजारिका को भारत रत्न नहीं दिया होता। हम असमी संस्कृति का सम्मान करते हैं।’’

रक्षा मंत्री ने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून और राष्ट्रीय नागरिक पंजी के बारे में भाजपा की भूमिका के संबंध में भी दुष्प्रचार किया जा रहा है।

असम में बार-बार आने वाली बाढ़ का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि राज्य में भाजपा के पुन: सत्ता में आने पर समस्या के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा और असम को ‘‘बाढ़ मुक्त राज्य’’ बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘आज हमने अपना घोषणापत्र भी जारी किया है। हम दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे, जबकि आठ लाख निजी नौकरियां भी सृजित की जाएंगी।’’

यह उल्लेख करते हुए कि केवल भाजपा ने ही असम के विकास के लिए काम किया है, सिंह ने कहा कि उनके पास मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और उनकी सरकार की उपलब्धियों की लंबी सूची है।

उन्होंने कहा कि आठवीं कक्षा तक सरकारी शिक्षा पूरी तरह नि:शुल्क की जाएगी और सभी भूमिहीन लोगों को जमीन का पट्टा दिया जाएगा।

सिंह ने कहा, ‘‘2022 तक असम में ऐसा एक भी व्यक्ति नहीं होगा, जिसके सिर के ऊपर पक्की छत नहीं होगी...विद्यार्थियों को हम साइकिल नि:शुल्क देंगे।’’

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि कल्याण योजनाओं में बिचौलियों को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब लोगों के बैंक खाते खुलवाए।

उन्होंने कहा, ‘‘असम के पास शानदार धावक हिमा दास हैं। यदि भाजपा सत्ता में आती है तो विकास की गति हिमा दास की गति से भी तेज होगी।’’

सिंह ने कहा कि कांग्रेस यदि चाहती तो असम को भारत के शीर्ष राज्यों में शामिल कर सकती थी, लेकिन क्या पार्टी ने अपने चुनावी वायदों को आंशिक रूप से भी पूरा किया।

भारत-चीन गतिरोध पर सिंह ने कहा कि देश को सीमाओं की रक्षा करने वाले अपने सैनिकों के शौर्य और साहस पर गर्व है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 56 इंच का सीना है। भारत अब विश्व में अत्यंत शक्तिशाली देश के रूप में उभर चुका है। आज हमारी तरफ कोई आंख उठाकर भी देखने की हिम्मत नहीं कर सकता।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

ज़रा हटकेबिहार के बक्सर जिले से सामने आई है एक दिलचस्प प्रेम कहानी, दो महिलाओं ने कर ली आपस में शादी, एक पहले से थी विवाहित, दूसरी कुंवारी

क्राइम अलर्टपरिचित ही निकला कातिल, फिरौती के लिए की गई थी नागपुर के 14 वर्षीय अथर्व की हत्या, सीसीटीवी से खुली साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारत अधिक खबरें

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos

भारतDelhi Assembly Security Breach: कार में सवार व्यक्ति ने कॉम्प्लेक्स का गेट तोड़कर पोर्च में रखा गुलदस्ता, वीडियो

भारतबिहार में शराबबंदी कानून को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उठाया सवाल, कहा- बिहार में 40 हजार करोड़ रुपये की एक समानांतर अवैध अर्थव्यवस्था खड़ी हो गई है

भारतमुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने जदयू नेताओं ने लगाया निशांत कुमार जिंदाबाद, CM भी मुस्कुराए

भारतबिहार में मुख्यमंत्री चुनना भाजपा के लिए बनी बड़ी सिरदर्दी, सम्राट चौधरी के नाम पर दल में टूट की संभावना, संघ बैकग्राउंड के नेता की हो रही है मांग