भाजपा समर्थक किसानों के आंदोलन को दबाना चाहते हैं: अजित सिंह
By भाषा | Updated: February 24, 2021 01:35 IST2021-02-24T01:35:10+5:302021-02-24T01:35:10+5:30

भाजपा समर्थक किसानों के आंदोलन को दबाना चाहते हैं: अजित सिंह
मुजफ्फरनगर, 23 फरवरी उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जिले के सोरम गांव में भाजपा अैर रालोद समर्थकों के बीच हुई झड़प के एक दिन बाद मंगलवार को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रमुख अजित सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के विरोध को बलपूर्वक दबाना चाहते हैं।
सोरम गांव के दौरे पर आये सिंह ने कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में धरना-प्रदर्शन कर रहे किसानों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने हर किसान की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग करने की आदत सी बना ली है।
उन्होंने कहा, ‘‘सबसे पहले उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे, फिर ठंड में पानी की बौछार की और लाठीचार्ज किया। सरकार ने उसके बाद किसानों का रास्ता रोकने के लिए बैरिकेड भी लगवा दिए। यहां तक कि किसान समुदाय का अपमान करने के लिए प्रदर्शनकारियों को खालिस्तानी और आतंकवादी तक कहा।’’
रालोद नेता ने आरोप लगाया कि दिल्ली में जारी किसान आंदोलन के दौरान 200 से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं लेकिन सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है और किसान समुदाय का केवल अपमान कर रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।