बीजेपी विधायक की मांग, उत्तर कर्नाटक को बनाया जाए अलग राज्य
By भाषा | Updated: July 27, 2018 18:52 IST2018-07-27T18:52:42+5:302018-07-27T18:52:42+5:30
भाजपा प्रमुख बीएस येदियुरप्पा पहले ही कह चुके हैं कि इस तरह की मांग से कोई समाधान नहीं होगा। पार्टी सांसद शोभा करंदलजे ने भी अलग राज्य की मांग खारिज कर दी।

बीजेपी विधायक की मांग, उत्तर कर्नाटक को बनाया जाए अलग राज्य
बेंगलुरू , 27 जुलाई: कर्नाटक के मोलकालमोरू से भाजपा विधायक बी श्रीरामुलू ने राज्य के उत्तरी हिस्से के साथ अन्याय होने का आरोप लगाते हुए आज एक अलग राज्य की हिमायत की।
हालांकि , प्रदेश भाजपा प्रमुख बीएस येदियुरप्पा पहले ही कह चुके हैं कि इस तरह की मांग से कोई समाधान नहीं होगा। पार्टी सांसद शोभा करंदलजे ने भी अलग राज्य की मांग खारिज कर दी। उन्होंने मैसूर में कहा कि अलग राज्य की मांग उपयुक्त नहीं है और वह इससे सहमत नहीं होंगी।
श्रीरामुलू ने कहा कि वह उत्तर कर्नाटक के लिए अलग राज्य की मांग करते हुए कुछ संगठनों द्वारा दो अगस्त को किए जाने वाले बंद के आह्वान का समर्थन करेंगे। क्षेत्र से कांग्रेस नेता एचके पाटिल सहित कुछ नेताओं ने राज्य सरकार पर अपने बजट में उत्तर कर्नाटक के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया है।
उत्तर कर्नाटक होरात समिति और उत्तर कर्नाटक विकास वेदिके जैसे संगठनों ने भी राज्य सरकार पर क्षेत्र के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। श्रीरामुलू ने कहा , ‘‘ यदि उत्तर कर्नाटक के साथ अन्याय किया गया तो हम चुप नहीं बैठेंगे। हम उत्तर कर्नाटक के विधायकों से चर्चा कर रहे हैं। ’’
उन्होंने कहा , ‘‘ बस इंतजार करिए और देखिए , हम आगे क्या करते हैं। अलग तेलंगाना की तरह यह आंदोलन भी एक बड़ी क्रांति होगी। ’’ भाजपा विधायक ने कहा कि गठबंधन सरकार ने उत्तर कर्नाटक की अनदेखी की है। मुख्यमंत्री कुमारस्वामी पक्षपात की राजनीति कर रहे हैं। श्रीरामुलू ने कहा कि कुमारस्वामी को यह नहीं भूलना चाहिए कि वह समूचे राज्य के मुख्यमंत्री हैं न कि कुछ क्षेत्रों के।
सुषमा स्वराज ने किया खुलासा- 39 भारतीयों को इराक भेजने वाला एजेंट अब भी लोगो को भेज रहा है विदेश
देश-दुनिया की ताज़ा खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें. यूट्यूब चैनल यहाँ सब्सक्राइब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट