भाजपा महिला मोर्चा ने पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद ‘हिंसा’ की निंदा की, स्थिति को बेहद अराजक बताया

By भाषा | Updated: July 1, 2021 20:43 IST2021-07-01T20:43:31+5:302021-07-01T20:43:31+5:30

BJP Mahila Morcha condemns post-poll 'violence' in West Bengal, calls situation extremely chaotic | भाजपा महिला मोर्चा ने पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद ‘हिंसा’ की निंदा की, स्थिति को बेहद अराजक बताया

भाजपा महिला मोर्चा ने पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद ‘हिंसा’ की निंदा की, स्थिति को बेहद अराजक बताया

नयी दिल्ली, एक जुलाई पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हुई कथित हिंसा के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को भाजपा महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि राज्य में लोगों के मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है।

मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में पश्चिम बंगाल में चुनावी ‘हिंसा’ की भर्त्सना करते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया गया।

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव इंदु गोस्वामी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से की गई ‘हिंसा’ की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया से लेकर अन्य मंचों पर पटे पड़े हैं।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी राज्य की सैकड़ों महिलाओं के संपर्क में हैं जिन्होंने चुनाव बाद हिंसा झेली। इनमें वे महिलाएं भी शामिल हैं जिनके साथ बलात्कार और अपराध की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘ममता बनर्जी खुद महिला हैं लेकिन इसके बावजूद राज्य में महिलाओं के मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है।’’

गोस्वामी ने कहा कि यदि राज्य में यही स्थिति रही तो भाजपा महिला मोर्चा जल्द ही ममता सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ेगा।

प्रस्ताव में कहा गया कि पश्चिम बंगाल आज इसलिए जल रहा है क्योंकि वहां राज्य सरकार के संरक्षण में हिंसा हो रही है। प्रस्ताव में दावा किया गया कि देश के चुनावी इतिहास में ऐसी जघन्य घटनाएं कभी नहीं हुईं।

पदाधिकारियों की बैठक को भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी संबोधित किया और मोर्चा की पदाधिकारियों से कहा कि वे केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को महिलाओं के बीच ले जाएं और ताकि वे उनका लाभ उठा सकें।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: BJP Mahila Morcha condemns post-poll 'violence' in West Bengal, calls situation extremely chaotic

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे