भाजपा नेता रोहिताश शर्मा पार्टी से छह साल के लिये निष्कासित
By भाषा | Updated: July 17, 2021 20:31 IST2021-07-17T20:31:52+5:302021-07-17T20:31:52+5:30

भाजपा नेता रोहिताश शर्मा पार्टी से छह साल के लिये निष्कासित
जयपुर, 17 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रोहिताश शर्मा को अनुशासन भंग करने के आरोप में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिये निष्कासित कर दिया गया है।
भाजपा प्रवक्ता रामलाल शर्मा के अनुसार शर्मा को पार्टी के विरोध में सार्वजनिक बयानबाजी करने के कारण पार्टी से छह साल के लिये निष्कासित कर दिया है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां की ओर से जारी पत्र में कहा गया है, ‘‘पूर्व विधायक डॉ रोहिताश शर्मा को अनुशासन भंग करने का आरोप जांच में प्रमाणित पाये जाने पर भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिये निष्कासित किया जाता है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी माने जाने वाले शर्मा को पार्टी विरोधी बयान देने के कारण पिछले महीने कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। शर्मा ने कहा था, ‘‘पार्टी के प्रदेश नेता कार्यालय में बैठकर पार्टी चला रहे है और गांवों में नहीं जा रहे है।’’
उन्होंने तीन सीटों पर मई में हुए उपचुनावों के परिणामों के लिये पार्टी के प्रदेश नेताओं को जिम्मेदार ठहराया था। चुनाव परिणामों में सत्तारूढ कांग्रेस ने दो सीटों पर विजय प्राप्त कर उन्हें बरकरार रखा था जबकि भाजपा ने केवल एक सीट पर विजय प्राप्त की थी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।