Breaking News: वरिष्ठ बीजेपी नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश चंद्र जोशी का निधन
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: November 24, 2019 13:06 IST2019-11-24T12:05:45+5:302019-11-24T13:06:50+5:30
तीन साल से अस्वस्थ चल रहे कैलाश जोशी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया।

कैलाश जोशी 1977 में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का लंबी बीमारी के बाद यहां एक निजी अस्पताल में रविवार को निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। यह जानकारी मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं उनके बेटे दीपक जोशी ने दी।
उन्होंने कहा, "मेरे पिताजी का बंसल अस्पताल में आज सुबह निधन हो गया।" कैलाश जोशी का जन्म 14 जुलाई 1929 को हुआ था। वह 1977-1978 में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने मध्यप्रदेश में जनसंघ एवं भाजपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
उनके परिवार में तीन बेटे एवं तीन बेटियां हैं। उनकी पत्नी का निधन कुछ महीने पहले ही हुआ है। जोशी मध्यप्रदेश विधानसभा में आठ बार विधायक रहे। वह राज्यसभा एवं लोकसभा के सदस्य भी रहे। उनका अंतिम संस्कार मध्यप्रदेश के देवास जिले में उनके गृह नगर हाटपिपल्या में सोमवार को किया जाएगा।
Bharatiya Janata Party leader & former Chief Minister of Madhya Pradesh, Kailash Chandra Joshi passes away in Bhopal. pic.twitter.com/hpYQpbfTRz
— ANI (@ANI) November 24, 2019
कैलाश जोशी का राजनीतिक सफर
कैलाश जोशी का जन्म 14 जुलाई, 1929 को हुआ था। भारतीय जनसंघ से राजनीति की शुरुआत करने जोशी 1962 से लगातार बागली क्षेत्र से विधायक बने। आपातकाल (1975-77) के दौरान एक महीने अंडरग्राउंड रहने के बाद 28 जुलाई 1975 को विधानसभा के गेट पर गिरफ्तार हुए। 19 माह तक मीसा में नजरबंद रहे।
24 जून 1977 को कैलाश जोशी मध्यप्रदेश के पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री बने। हालांकि 1978 में अस्वस्थ होने के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।