जबलपुर में आरती को लेकर भाजपा ने प्रियंका गांधी पर कसा तंज, वीडियो साझा कर बताया चुनावी हिंदू
By मनाली रस्तोगी | Updated: June 12, 2023 19:01 IST2023-06-12T19:00:48+5:302023-06-12T19:01:46+5:30
जबलपुर में रैली से पहले नर्मदा नदी की पूजा करने पहुंची कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को निशाना साधा।

(फाइल फोटो)
नई दिल्ली: जबलपुर में रैली से पहले नर्मदा नदी की पूजा करने पहुंची कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को निशाना साधा। मध्य प्रदेश भाजपा ने प्रियंका गांधी का एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, "ढोंग और आस्था में यही फर्क है। प्रियंका गांधी को इतना नहीं पता कि आरती पहले भगवान को दी जाती है फिर इंसान लेते हैं। इसलिए ही इन्हें चुनावी हिंदू कहा जाता है।"
एक अन्य ट्वीट में भाजपा ने यह भी दावा किया कि प्रियंका ने पूजा के बाद एक ब्राह्मण से अपने पैर छुआए जो 'हिंदू परंपरा के खिलाफ' है। भाजपा शासित राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा जबलपुर पहुंची। शहर में एक जनसभा को संबोधित करने से पहले उन्होंने हवाई अड्डे से ग्वारी घाट की यात्रा की और 'मां नर्मदा' की पूजा की।
ढोंग और आस्था में यही फर्क है।
— BJP MadhyaPradesh (@BJP4MP) June 12, 2023
प्रियंका गांधी को इतना नहीं पता कि आरती पहले भगवान को दी जाती है फिर इंसान लेते हैं।
इसलिए ही इन्हें चुनावी हिंदू कहा जाता है। pic.twitter.com/YVoPNywVqI
रैली के दौरान प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा और बेरोजगारी, पेपर लीक के मामले और किसानों के मुआवजे सहित कई मुद्दों पर प्रकाश डाला।
प्रियंका ने कहा, "वे (भाजपा) यहां आते हैं और घोषणाएं करते हैं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करते। वे डबल इंजन और ट्रिपल इंजन की बात करते हैं। वे हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में भी यही कहते थे लेकिन जनता ने उन्हें दिखा दिया है कि वे डबल इंजन की बात करना बंद करें और काम शुरू करें। हमारी पार्टी ने जो भी वादे किए, हमने उन्हें छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में पूरा किया है।"
नर्मदा पूजन के बाद ब्राह्मण से पैर पड़वातीं यजमान प्रियंका गांधी।#ChunaviHinduInMPpic.twitter.com/eK16Mi0nmC
— BJP MadhyaPradesh (@BJP4MP) June 12, 2023
उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस शासित राज्यों की हालत देखिए और आपको पता चल जाएगा। मध्य प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार आई तो बहुत सारे काम और विकास किए गए।"