लाइव न्यूज़ :

टूलकिट मामले में सरकार पर निशाना साधने पर भाजपा ने विपक्षी दलों पर किया पलटवार

By भाषा | Updated: February 15, 2021 23:39 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 15 फरवरी भाजपा ने किसान आंदोलन से जुड़ी ‘टूलकिट’ सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर निशाना साधने के लिए सोमवार को विपक्षी दलों पर पलटवार किया और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला करते-करते वह हमेशा ‘‘राष्ट्र विरोधी’’ ताकतों के साथ खड़ी हो जाती है।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने दिल्ली पुलिस के संवाददाता सम्मेलन का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि रवि की गिरफ्तारी ने भारत को तोड़ने वाली ताकतों के ‘‘षडयंत्र’’ को बेनकाब कर दिया है।

पात्रा ने एक बयान में दावा किया कि जहां तक विपक्ष, खासकर कांग्रेस का सवाल है तो वह ‘‘हमेशा राष्ट्र विरोधी ताकतों’’ के साथ खड़ी रही है।

उन्होंने आश्चर्य जताया कि विपक्ष शासित महाराष्ट्र में लता मंगेशकर और सचिन तेंदुलकर जैसे भारत रत्नों के खिलाफ जांच हो सकती है लेकिन अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर ‘‘देश को तोड़ने वाली ताकतों’’ का बचाव किया जाता है।

उन्होंने कहा कि ‘‘ये पार्टियां 26 जनवरी की घटना के दोषियों को सजा दिलाने के लिए हल्ला मचा रही थीं और जब उसे गिरफ्तार कर लिया गया तो वही कांग्रेस आपत्ति जता रही है।’’

पात्रा ने टूलकिट मामले में देशद्रोह के आरोपियों पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने ना सिर्फ 26 जनवरी की घटना को अंजाम देने के लिए टूलकिट तैयार किया बल्कि भारत का अपमान करने के खालिस्तानी षड़यंत्र को लागू करने के लिए प्रतिबंधित संगठन ‘‘पोएटिक जस्टिस फाउंडेशन’’ से साठगांठ कर ली।

उल्लेखनीय है कि किसानों के प्रदर्शन से जुड़ी ‘टूलकिट’ सोशल मीडिया पर साझा करने में संलिप्तता के आरोप में दिशा रवि को बेंगलुरू से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि दिशा रवि (22) को दिल्ली पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ के दल ने शनिवार को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने आरोप लगाया कि भारत के खिलाफ वैमनस्य फैलाने के लिए रवि और अन्य ने खालिस्तान-समर्थक समूह ‘पोएटिक जस्टिस फाउंडेशन’ के साथ साठगांठ की।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिशा की गिरफ्तारी से जुड़ी खबर साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘बोल कि लब आज़ाद हैं तेरे, बोल कि सच ज़िंदा है अब तक! वो डरे हैं, देश नहीं!’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत खाामोश नहीं होने वाला है।’’

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी इसी मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ‘‘डरते हैं बंदूकों वाले एक निहत्थी लड़की से, फैले हैं हिम्मत के उजाले एक निहत्थी लड़की से।’’

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘‘21 साल की दिशा रवि की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर अप्रत्याशित हमला है। हमारे किसानों का समर्थन करना अपराध नहीं है।’’

संयुक्त किसान मोर्चा ने भी दिशा की गिरफ्तारी की निंदा की और उसे तत्काल रिहा करने की मांग की।

इस कार्रवाई का बचाव करते हुए भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ट्वीट किया, ‘‘अगर आयु आधार है तो फिर परमवीर चक्र से नवाजे गए सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल 21 साल की उम्र में शहीद हुए। मैं किस पर गर्व करूं। टूलकिट के रूप में दुष्प्रचार फैलाने वालों पर तो गर्व नहीं करूंगा।’’

भाजपा के संगठन महामंत्री बी एल संतोष ने ट्वीट किया, ‘‘21 वर्षीय...पर्यावरण कार्यकर्ता...छात्रा...क्या भारत को तोड़ने वाली ताकतों का हिस्सा बनने के लिए ये खूबियां हैं? वह टूलकिट तक कैसे पहुंची? वह व्हाट्एसएप पर भारत विरोधी ग्रुप में शामिल क्यों हुई? कई सवाल हैं लेकिन सिर्फ एक जवाब है...21 साल।’’

विपक्ष के आरोपों पर भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ‘‘एक अपराधी तो अपराधी है। अगर वो नाबालिग नहीं है तो फिर लिंग और आयु का कोई मतलब नहीं रह जाता। आपकी जानकारी के लिए बता देता हूं कि मुंबई पर हमले के वक्त अजमल कसाब 21 साल का था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘किसानों का समर्थन करना अपराध नहीं है, लेकिन भारत के खिलाफ साजिश करना और दूसरों को भड़काना निश्चित तौर पर अपराध है।’’

केन्द्र के नए कृषि कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान 26 जनवरी को पुलिस के साथ हिंसक झड़प हो गई थी। गणतंत्र दिवस पर हुई इस झड़प में 500 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे और एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटसबसे आगे विराट कोहली, 20 बार प्लेयर ऑफ़ द सीरीज पुरस्कार, देखिए लिस्ट में किसे पीछे छोड़ा

ज़रा हटकेShocking Video: तंदूरी रोटी बनाते समय थूक रहा था अहमद, वीडियो वायरल होने पर अरेस्ट

क्राइम अलर्ट4 महिला सहित 9 अरेस्ट, घर में सेक्स रैकेट, 24400 की नकदी, आपतिजनक सामग्री ओर तीन मोटर साइकिल बरामद

क्रिकेटYashasvi Jaiswal maiden century: टेस्ट, टी20 और वनडे में शतक लगाने वाले छठे भारतीय, 111 गेंद में 100 रन

क्रिकेटVIRAT KOHLI IND vs SA 3rd ODI: 3 मैच, 258 गेंद, 305 रन, 12 छक्के और 24 चौके, रांची, रायपुर और विशाखापत्तनम में किंग विराट कोहली का बल्ला

भारत अधिक खबरें

भारतकथावाचक इंद्रेश उपाध्याय और शिप्रा जयपुर में बने जीवनसाथी, देखें वीडियो

भारत2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव, 2025 तक नेता प्रतिपक्ष नियुक्त नहीं?, उद्धव ठाकरे ने कहा-प्रचंड बहुमत होने के बावजूद क्यों डर रही है सरकार?

भारतजीवन रक्षक प्रणाली पर ‘इंडिया’ गठबंधन?, उमर अब्दुल्ला बोले-‘आईसीयू’ में जाने का खतरा, भाजपा की 24 घंटे चलने वाली चुनावी मशीन से मुकाबला करने में फेल

भारतजमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मानित, सीएम नीतीश कुमार ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की

भारतसिरसा जिलाः गांवों और शहरों में पर्याप्त एवं सुरक्षित पेयजल, जानिए खासियत