केंद्र की भाजपा सरकार कृषि कानूनों को वापस ले या सत्ता छोड़े : ममता
By भाषा | Updated: December 7, 2020 18:44 IST2020-12-07T18:44:25+5:302020-12-07T18:44:25+5:30

केंद्र की भाजपा सरकार कृषि कानूनों को वापस ले या सत्ता छोड़े : ममता
मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल), सात दिसंबर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार को "जनविरोधी" कृषि कानूनों को तुरंत वापस लेना चाहिए या उसे सत्ता से हट जाना चाहिए।
ममता ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘वह भाजपा के कुशासन को सहन करने या चुप रहने के बजाय जेल में रहेंगी।’’
उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार (केंद्र की) को तुरंत कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए या सत्ता छोड़ देनी चाहिए। किसानों के अधिकारों का बलिदान करने के बाद उसे सत्ता में नहीं बने रहना चाहिए।"
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता ने भाजपा को "बाहरी लोगों" की पार्टी बताते हुए कहा कि वह कभी भी भगवा दल को बंगाल पर नियंत्रण करने की अनुमति नहीं देंगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि उन्हें ऐसे किसी कदम का विरोध करना चाहिए।
उन्होंने घोषणा की कि उनकी सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में आने पर अगले साल जून के बाद भी मुफ्त राशन का वितरण करती रहेगी।
प्रदेश में अगले साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।