लाइव न्यूज़ :

भाजपा अगले कई दशकों तक कहीं नहीं जाने वाली: चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर

By भाषा | Updated: October 28, 2021 17:33 IST

Open in App

पणजी, 28 अक्टूबर चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारतीय राजनीति के केन्द्र में रहेगी और ‘‘अगले कई दशकों तक यह कहीं जाने वाली नहीं है।’’

गोवा में होने वाले विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की जीत की रणनीति तैयार कर रहे किशोर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की इस सोच के लिए उन पर तंज किया कि लोग भाजपा को तत्काल उखाड़ फेकेंगे।

एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें किशोर गोवा में एक निजी बैठक को संबोधित करते नजर आ रहे हैं।

‘इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी’(आई-पीएसी) के एक वरिष्ठ नेता ने इस बात की पुष्टि की कि यह वीडियो बुधवार को हुई एक निजी बैठक का है। किशोर आई-पीएसी के प्रमुख हैं।

इस वीडियो में किशोर यह कहते नजर आ रहे हैं ‘‘ भारतीय जनता पार्टी चाहे जीते या हारे, वह राजनीति के केन्द्र में रहेगी, जैसा कि पहले 40वर्षों में कांग्रेस के लिए था, भाजपा कहीं नहीं जा रही है।’’

उन्होंने कहा,‘‘ भारत के स्तर पर एक बार आप तीस प्रतिशत से अधिक वोट हासिल कर लें, तो फिर आप जल्दी कहीं नहीं जाने वाले। इसलिए, इस जाल में कभी मत फंसना कि लोग मोदी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) से नाराज हैं और वे उन्हें उखाड़ फेकेंगे।’’

किशोर ने कहा, ‘‘ हो सकता है कि वे मोदी को हटा दें, लेकिन भाजपा कहीं नहीं जा रही। वे यहीं रहेंगे , आपको अगले कई दशकों तक इसके लिए लड़ना होगा। यह जल्दी नहीं होगा।’’

चुनाव रणनीतिकार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा,‘‘ राहुल गांधी के साथ समस्या यही है। शायद वह सोचते हैं कि यह कुछ ही दिन की बात हैं कि लोग उन्हें (मोदी को) नकार देंगे। ऐसा नहीं होने जा रहा है।’’

गौरतलब है कि किशोर ने इस वर्ष पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में हुए विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक के लिए जीत की रणनीति तैयार की थी और दोनों ही दलों ने अपने-अपने राज्यों में जीत दर्ज की थी।

गोवा में अगले वर्ष फरवरी में चुनाव होने हैं और तृणमूल कांग्रेस ने कहा है कि वह चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी का बृहस्पतिवार को गोवा आने का कार्यक्रम है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटइंडियन प्रीमियर लीग में भुवनेश्वर कुमार ने जड़ा 'दोहरा शतक', ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज, जानें पहले पायदान पर कौन?

क्रिकेट37 के साथ सबसे आगे CSK?, आईपीएल में सबसे ज्यादा 200 से अधिक रन बनाने वाली टीमें, देखिए टॉप-5 लिस्ट

क्राइम अलर्टमैडम दुकान के सामने गाड़ी मत लगाओ, ग्राहक को आने में दिक्कत होगी?, 78 वर्षीय दुकानदार को महिला उपनिरीक्षक ने थप्पड़ मारा, प्राथमिकी दर्ज

भारतगोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-भंडारण केंद्रों पर न जाएं और न ही भीड़ में इकट्ठा हों

पूजा पाठPanchang 06 April 2026: आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय, देखें पंचांग

भारत अधिक खबरें

भारतउच्च शिक्षा और अनुसंधान की चुनौतियां

भारतआदिवासी खेल: नई प्रतिभाओं की तलाश में एक सार्थक पहल

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल