भाजपा को नेताजी की जयंती मनाने का अधिकार नहीं है : राउत
By भाषा | Updated: January 22, 2021 21:34 IST2021-01-22T21:34:03+5:302021-01-22T21:34:03+5:30

भाजपा को नेताजी की जयंती मनाने का अधिकार नहीं है : राउत
मुंबई, 22 जनवरी महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता और राज्य के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने शुक्रवार को भाजपा पर पाखंड करने का आरोप लगाया और दावा किया कि वह पश्चिम बंगाल में इस वर्ष होने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मना रही है।
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के एससी विभाग के अध्यक्ष राउत ने कहा कि नेताजी की जयंती मनाकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा उन्हें श्रद्धांजलि नहीं दे सकती क्योंकि वे उनके धर्मनिरपेक्ष विचार और क्रांति के खिलाफ थे।
भाजपा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नेताजी सुभाषचंद्र बोस जयंती समिति का गठन किया है और 23 जनवरी को एक कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
राउत ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों को देखते हुए कुछ लोगों ने अचानक रवींद्रनाथ टैगोर और सुभाषचंद्र बोस को याद करना शुरू कर दिया। भाजपा के पास सुभाष बाबू की जयंती मनाने का नैतिक अधिकार नहीं है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।