BJP Bihar Executive: सम्राट चौधरी की नई टीम, 38 पदाधिकारियों की सूची पेश, 12 को प्रदेश उपाध्यक्ष और पांच को महासचिव बनाया, देखें लिस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: August 9, 2023 22:11 IST2023-08-09T22:02:45+5:302023-08-09T22:11:25+5:30
BJP Bihar Executive: राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान के बेटे गुरु प्रकाश पासवान (महासचिव) और राजेंद्र सिंह (उपाध्यक्ष) भी शामिल हैं।

file photo
BJP Bihar Executive: भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने जातीय समीकरण और संगठनात्मक प्रतिबद्धता के बीच संतुलन बनाते हुए बुधवार को पार्टी की नयी राज्य कार्यकारिणी का गठन किया। चौधरी ने 38 पदाधिकारियों की सूची पेश की, जिसमें से 12 को प्रदेश उपाध्यक्ष और पांच को प्रदेश महासचिव बनाया गया है।
नयी कार्यकारिणी में 12 प्रदेश सचिव, एक कोषाध्यक्ष, एक मुख्यालय प्रभारी और एक कार्यालय सचिव (कार्यालय मंत्री) भी शामिल हैं। साथ ही दो-दो लोगों को सह कोषाध्यक्ष, सह प्रभारी मुख्यालय और सह कार्यालय सचिव बनाया गया है। नये पदाधिकारियों में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान के बेटे गुरु प्रकाश पासवान (महासचिव) और राजेंद्र सिंह (उपाध्यक्ष) भी शामिल हैं।
बिहार बीजेपी के संगठन में बहुत चर्चित नाम नहीं हैं। हां राजेश वर्मा, मिथिलेश तिवारी, गुरु प्रकाश जैसे पुराने चेहरे हैं। pic.twitter.com/Y1MVhHJ3T3
— मनोज कुमार (Manoj Mukul) (@manojkumarmukul) August 9, 2023
सिंह को 2020 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के खिलाफ लोक जनशक्ति पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने के कारण भाजपा से बर्खास्त कर दिया गया था। हालांकि, सिंह को पिछले साल पार्टी में वापस लाया गया।
भाजपा के सूत्रों के अनुसार, चौधरी, जो बिहार के एक शक्तिशाली ओबीसी राजनीतिक परिवार से हैं, ने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि पार्टी की नयी टीम के आधे से अधिक सदस्य अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और दलित समुदाय से हो। भाजपा की नयी प्रदेश कार्यकारिणी के नये पदाधिकारियों में से कोई भी राज्य विधानमंडल का मौजूदा सदस्य नहीं है।