भाजपा ने पंजाब और ओडिशा के उपचुनाव के लिए जारी किए उम्मीदवारों के नाम, जाने किसे मिला टिकट और कब होगा मतदान
By विनीत कुमार | Updated: April 13, 2023 10:44 IST2023-04-13T10:30:27+5:302023-04-13T10:44:21+5:30
भाजपा की ओर से पंजाब और ओडिशा में होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है। पंजाब में लोकसभा की एक सीट पर उपचुनाव है जबकि ओडिशा में विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव अगले महीने होना है।

भाजपा ने पंजाब और ओडिशा के उपचुनाव के लिए जारी किए उम्मीदवारों के नाम (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब और ओडिशा में आगामी संसदीय और विधानसभा उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पंजाब के लोकसभा क्षेत्र जालंधर (एससी) और ओडिशा के झारसुगुड़ा विधानसभा क्षेत्र में 10 मई को उपचुनाव होने हैं, जिसके परिणाम 13 मई को कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के साथ घोषित किए जाएंगे।
भाजपा ने जालंधर (एससी) उपचुनाव के लिए सरदार इंदर इकबाल सिंह अटवाल और झारसुगुड़ा उपचुनाव के लिए टांकाधर त्रिपाठी को मैदान में उतारा है। दोनों नामों की घोषणा पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार शाम को की।
पंजाब: संतोख चौधरी के निधन के बाद खाली है लोकसभा सीट
जालंधर लोकसभा क्षेत्र कांग्रेस सांसद संतोख चौधरी के निधन के बाद इस साल जनवरी से खाली है। वे 14 जनवरी को 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान राहुल गांधी के साथ चलते समय गिर गए थे। दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। चौधरी के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव होना था। कांग्रेस ने संतोख चौधरी की पत्नी करमजीत कौर चौधरी को जालंधर उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है।
ओडिशा: नाबा दास की हत्या के बाद से खाली है विधानसभा सीट
दूसरी ओर टांकाधर बीजद उम्मीदवार दीपाली दास और कांग्रेस के तरुण पांडे के खिलाफ चुनाव ओडिशा में चुनाव लड़ेंगे। इस साल 29 जनवरी को झारसुगुड जिले में एक पुलिसकर्मी द्वारा गोली मारे जाने के बाद राज्य के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री नाबा दास की हत्या के कारण ओडिशा के झारसुगुड़ा में उपचुनाव जरूरी हो गया था।
आम आदमी पार्टी ने पंजाब के जालंधर (एससी) लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस के पूर्व विधायक सुशील रिंकू को मैदान में उतारा है। कांग्रेस से निकाले जाने के कुछ ही घंटे बाद इसी साल 5 अप्रैल को रिंकू सिंह आम आदमी पार्टी से जुड़ गए थे। झालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रह चुके रिंकू सिंह को कांग्रेस ने 'पार्टी-विरोधी' गतिविधियों के लिए पार्टी के निष्कासित किया था।