BJP 6th candidate list 2024: जसकौर मीणा को टिकट नहीं, कन्हैया लाल मीणा लड़ेंगे चुनाव, करौली-धौलपुर से इंदू देवी जाटव पर दांव, अब तक 401 प्रत्याशियों की घोषणा
By सतीश कुमार सिंह | Updated: March 26, 2024 16:34 IST2024-03-26T16:07:15+5:302024-03-26T16:34:44+5:30
BJP 6th candidate list 2024: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों की छठी सूची जारी कर दी।

file photo
BJP 6th candidate list 2024: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मंगलवार को छठी उम्मीदवार सूची जारी कर दी। भाजपा ने अब तक लोकसभा की कुल 543 सीटों में से 401 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। छठी सूची में राजस्थान की दो और मणिपुर के लिए एक सीट पर प्रत्याशी उतारे गए है। बीजेपी ने राजस्थान की दौसा लोकसभा सीट से कन्हैया लाल मीणा और करौली-धौलपुर सीट से इंदु देवी जाटव को मैदान में उतारा है। मणिपुर के इनर मणिपुर संसदीय क्षेत्र से थौनाओजम बसंत कुमार सिंह को पार्टी ने टिकट दिया है।
भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने आगामी लोकसभा चुनाव-2024 के लिए छठी सूची में निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की। pic.twitter.com/DRXdeL4TdY
— BJP (@BJP4India) March 26, 2024
राजस्थान से दो और मणिपुर से एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा की गई है। पार्टी ने राजस्थान के दौसा संसदीय क्षेत्र से कन्हैया लाल मीणा और करौली-धौलपुर लोकसभा सीट से इंदू देवी जाटव को उम्मीदवार बनाया है। दौसा सीट से वर्तमान सांसद जसकौर मीणा का पार्टी ने टिकट काट दिया है। कांग्रेस ने यहां से मुरारी लाल मीणा को उम्मीदवार घोषित किया है।
करौली-धौलपुर लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद मनोज राजोरिया हैं। इन्होंने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। पार्टी ने इस बार उनका भी टिकट काट दिया है। कांग्रेस ने यहां से भजनलाल जाटव को टिकट दिया है।
भाजपा ने प्रदेश की 25 लोकसभा सीट में से 24 सीट पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इनर मणिपुर सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री राजकुमार रंजन सिंह का भी टिकट काट दिया है। पार्टी ने उनके स्थान पर राज्य सरकार में मंत्री बसंत कुमार सिंह पर भरोसा जताया है।
भाजपा ने इनर मणिपुर लोस सीट से शिक्षा मंत्री बसंतकुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को इनर मणिपुर लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री राजकुमार रंजन सिंह का टिकट काटकर प्रदेश के शिक्षा मंत्री टी. बसंतकुमार सिंह को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है। टी. बसंतकुमार (59) पूर्व केंद्रीय मंत्री टी. चाओबा सिंह के बेटे हैं। आईपीएस के पूर्व अधिकारी बसंतकुमार अभी बिष्णुपुर जिले में नामबोल विधानसभा सीट से विधायक हैं।