इंदौर में नये साल के पहले दिन बर्ड फ्लू की दस्तक, मरे कौओं में मिला रोग का वायरस

By भाषा | Updated: January 1, 2021 21:24 IST2021-01-01T21:24:16+5:302021-01-01T21:24:16+5:30

Bird flu knock on first day of new year in Indore, virus found in dead crows | इंदौर में नये साल के पहले दिन बर्ड फ्लू की दस्तक, मरे कौओं में मिला रोग का वायरस

इंदौर में नये साल के पहले दिन बर्ड फ्लू की दस्तक, मरे कौओं में मिला रोग का वायरस

इंदौर (मध्यप्रदेश), एक जनवरी इंदौर के एक हरे-भरे इलाके में हाल ही में मृत पाए गए कौओं में शुक्रवार को बर्ड फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई। इससे सतर्क प्रशासन ने सर्दी, खांसी और बुखार के लक्षणों वाले मरीजों का पता लगाने के लिए अभियान शुरू कर दिया है।

प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) पूर्णिमा गडरिया ने "पीटीआई-भाषा" को बताया," रेसीडेंसी क्षेत्र के स्कूल डेली कॉलेज के परिसर में मंगलवार को करीब 50 कौए मृत पाए गए थे। पशु चिकित्सा विभाग ने इनमें से कुछ कौओं के शव परीक्षण (ऑटोप्सी) के दौरान नमूने लेकर भोपाल की एक प्रयोगशाला में इनकी जांच कराई, तो इनमें बर्ड फ्लू फैलाने वाले वायरस एच5एन8 की पुष्टि हुई।"

उन्होंने बताया कि रेसीडेंसी क्षेत्र के पांच किलोमीटर के दायरे में सर्दी, खांसी और बुखार के लक्षणों वाले मरीजों को खोजने के लिए सर्वेक्षण शुरू कर दिया गया है। इन मरीजों के नमूने लिए जाएंगे और इन्हें बर्ड फ्लू की जांच के लिए भेजा जाएगा।

इस बीच, पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक प्रमोद शर्मा ने बताया, "डेली कॉलेज परिसर में शुक्रवार को भी करीब 20 कौए मृत पाए गए। अब तक मरे मिले सभी कौओं को सुरक्षित वैज्ञानिक विधि से दफना दिया गया है।"

शर्मा ने बताया कि हरियाली से भरे रेसीडेंसी क्षेत्र में हजारों कौओं का बसेरा है। इस क्षेत्र में मरे कौओं को खोजने का अभियान अगले कुछ दिनों तक जारी जारी रहेगा।

गौरतलब है कि रेसीडेंसी क्षेत्र, शहर के पॉश इलाकों में शुमार होता है। इस इलाके में पुलिस और प्रशासन के आला अफसरों के साथ न्यायाधीशों के भी बंगले हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Bird flu knock on first day of new year in Indore, virus found in dead crows

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे