लाइव न्यूज़ :

सात राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि, कई इलाकों से पक्षियों की मौत के नए मामले सामने आए

By भाषा | Updated: January 10, 2021 22:25 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 10 जनवरी देश के विभिन्न हिस्सों में पक्षियों के मरने की ताजा खबरों के बीच रविवार को केंद्र सरकार ने कहा कि सात राज्यों में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हो गई है।

केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हो गई है, वहीं दिल्ली तथा महाराष्ट्र के नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है।

पशुपालन और डेयरी विभाग ने एक बयान में कहा कि छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से लिए गए किसी नमूने में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच, केंद्र ने विभिन्न चिड़ियाघर प्रबंधनों को निर्देश दिया कि वे केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) को दैनिक रिपोर्ट भेजें और ऐसा तब तक जारी रखें जब तक कि उनके इलाके को रोगमुक्त घोषित नहीं कर दिया जाता।

पर्यावरण मंत्रालय के तहत आने वाले सीजेडए ने कार्यालयी ज्ञापन जारी कर कहा कि एवियन इन्फ्लुएंजा ‘पशुओं में संक्रामक रोगों की रोकथाम और नियंत्रण कानून, 2009’ के तहत अनुसूचित बीमारी है और इसे फैलने से रोकने के लिए इस तरह की बीमारी की जानकारी देना अनिवार्य है।

वहीं दिल्ली की संजय झील में 17 और बत्तखें मृत पायी गईं जिसके बाद अधिकारियों ने इलाके को ‘अलर्ट क्षेत्र’ घोषित कर दिया।

एक दिन पहले ही यहां पर 10 बत्तखें मृत मिली थीं जिसके बाद दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने इसे बंद कर दिया था। मृत बत्तखों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बीते कुछ दिन में डीडीए के 14 पार्क में 91 कौवे मृत पाए गए हैं।

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में रविवार को पोंग बांध वन्यजीव अभयारण्य में 215 प्रवासी पक्षी मृत पाए गए, जिससे संदिग्ध रूप से एवियन इंफ्लूएंजा से मरने वाली ऐसी चिड़ियों की संख्या बढ़कर 4,235 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सोलन जिले में भी लगातार चौथे दिन बड़ी संख्या में मृत मुर्गे-मुर्गियां चंडीगढ़-शिमला राजमार्ग के किनारे फेंके पाए गए। सुरक्षा मानकों के मुताबिक इन पक्षियों के अवशेषों को जमीन में दफना दिया गया और नमूनों को जांच के लिये जालंधर की प्रयोगशाला में भेजा गया है।

राजस्थान में रविवार को 428 और पक्षियों की मौत के बाद राज्य में अब तक उनकी मौत का आंकडा बढकर 2,950 पहुंच गया है।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को 428 पक्षियों की मौत हुई, जिनमें 326 कौवे, 18 मोर, 34 कबूतर और 50 अन्य पक्षी शामिल हैं।

राज्य में अब तक कुल मृत पक्षियों 2,950 में सबसे अधिक कौवे (2,289), 170 मोर और 156 कबूतर शामिल हैं।

मध्य प्रदेश के 13 जिलों के कौओं के नमूनों में बर्ड फ्लू के एच5एन8 प्रकार का संक्रमण पाया गया है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।

मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को बताया, ‘‘राज्य में अब तक 13 जिलों - इंदौर, मंदसौर, आगर मालवा, नीमच, देवास, उज्जैन, खंडवा, खरगौन, गुना, शिवपुरी, राजगढ़, शाजापुर एवं विदिशा - में कौओं में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है।’’

उन्होंने बताया कि 9 जनवरी तक 27 जिलों से लगभग 1100 कौओं एवं जंगली पक्षियों की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है।

महाराष्ट्र के लातूर में अहमदपुर इलाके के 10 किलोमीटर के क्षेत्र को ‘अलर्ट जोन’ घोषित किया गया है, जहां पर गत दो दिन में 128 मुर्गियों सहित 180 पक्षी मृत पाए गए हैं।

लातूर के जिलाधिकारी पृथ्वीराज बीपी ने रविवार को बताया कि पक्षियों की मौत की वजह का पता नहीं चला है लेकिन एहतियातन यहां से 265 किलोमीटर दूर केंद्रवाड़ी गांव के आसपास अलर्ट जोन घोषित किया गया है।

लातूर जिला प्रशासन द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक अलर्ट जोन का अभिप्राय है कि उस इलाके में किसी भी वाहन की आवाजाही, पोल्ट्री, पक्षी, पशु, चारा और खाद आदि की ढुलाई प्रतिबंधित रहेगी।

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि राज्य सरकार बर्ड फ्लू से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। एवियन इन्फ्लूएंजा के डर के बीच गुजरात के विभिन्न हिस्सों में दर्जनों पक्षी मरे हुए पाए गए हैं और पशु पालन विभाग के कर्मचारी जांच के लिए नमूने जमा कर रहे हैं।

जूनागढ़ पशु पालन विभाग के उप निदेशक एस एन वघासिया ने बताया कि पिछले नौ दिन में गिर सोमनाथ के चिखली गांव के एक मुर्गीपालन फार्म में 18 मुर्गियां मरी हुई पाई गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि डांग जिले के वघाई में कुछ तीन दर्जन कौए मृत मिले हैं। इतनी ही संख्या में कच्छ के भीमासार गांव में भी मृत मिले हैं। राजकोट के गोंडाल तालुक में कुछ टिटिहरियों के कंकाल मिले हैं जबकि वडोदरा में कई कबूतर मृत पाए गए।

उत्तर प्रदेश के कानपुर के चिड़ियाघर में मरे कुछ परिंदों में बर्ड फ्लू वायरस पाए जाने के बाद यहां अलर्ट जारी कर दिया गया है और अगले आदेश तक इसे जनता के लिए बंद कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।

कानपुर चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू की दस्तक को देखते हुए राजधानी लखनऊ स्थित प्राणी उद्यान और बरेली के केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) में इस वायरस से बचाव के लिए चाक-चौबंद बंदोबस्त किए गए हैं।

जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने रविवार को बताया कि चिड़ियाघर में कुछ मरे हुए परिंदों में बर्ड फ्लू का वायरस पाए जाने के बाद जिले में अलर्ट घोषित कर दिया गया है और चिड़ियाघर के एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमण जोन घोषित किया गया है तथा इस सीमा के अंदर सभी कुक्कुट फार्म पर अभियान चलाकर संक्रमण के संदेह में आने वाली मुर्गी-मुर्गों को नष्ट किया जा रहा है।

अमेठी के संग्रामपुर इलाके में छह कौए रहस्यमय परिस्थिति में मृत मिले।

हरियाणा के पंचकूला जिले के दो कुक्कुट फॉर्म में एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद राज्य सरकार ने नौ त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए हैं और दोनों ही केंद्रों पर रोकथाम का अभियान जारी है।

गुजरात के सूरत जिले और राजस्थान के सिरोही जिले में कौए और वन्य पक्षियों के नमूनों में एवियन इन्फ्लुएंजा की पुष्टि हुई है।

बयान में कहा गया, ‘‘इसके अलावा कांगड़ा जिले (हिमाचल प्रदेश) से 86 कौओं तथा दो बगुलों की असामान्य मौत की खबरें आई हैं।’’

इसमें कहा गया, ‘‘नाहन, बिलासपुर और मंडी (हिमाचल प्रदेश) से भी जंगली पक्षियों की असामान्य मौत की खबरें आई हैं और नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिए गए हैं।’’

विभाग ने प्रभावित राज्यों को संक्रमण को और फैलने से रोकने के लिए परामर्श जारी किए हैं।

बयान के मुताबिक, ‘‘अभी तक सात राज्यों (केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश) से बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है।’’

केंद्र ने कहा कि दिल्ली और महाराष्ट्र के नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है जिन्हें प्रयोगशाला में भेजा गया है।

केरल के दोनों प्रभावित जिलों में नियंत्रण और रोकथाम का काम पूरा कर लिया गया है। राज्य को अभियान के बाद निगरानी कार्यक्रम संबंधी दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।

इस बीच, प्रभावित इलाकों में हालात पर निगरानी के लिए गठित केंद्रीय दल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं।

केरल में नौ जनवरी को एक केंद्रीय दल पहुंचा और वह प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है। एक अन्य केंद्रीय दल 10 जनवरी को हिमाचल प्रदेश पहुंचा तथा प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर रहा है।

केंद्र ने राज्यों से जनता के बीच जागरुकता फैलाने तथा एवियन इन्फ्लुएंजा के बारे में गलत सूचनाएं फैलने से रोकने को कहा।

बयान में कहा गया, ‘‘राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से जलाशयों, पक्षी बाजारों, चिड़ियाघरों, कुक्कुट फॉर्म आदि के आसपास निगरानी बढ़ाने, मृत पक्षियों के उचित निस्तारण तथा कुक्कुट फॉर्मों में जैव-सुरक्षा को मजबूत करने का अनुरोध किया गया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

विश्वलेबनान में इजरायली हमला, 89 लोग की मौत और 700 घायल, युद्धविराम के बावजूद ईरान में तेल रिफाइनरी पर हमला, तेहरान ने कुवैत और यूएई पर किया अटैक?

क्रिकेटलखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ गेंदबाजी करेंगे कैमरन ग्रीन, डीसी के खिलाफ 11 अप्रैल को खेलेंगे ब्रेविस?

भारतरेलवे में 8.85 प्रतिशत लोको पायलट ने लगातार 12 घंटे से अधिक काम किया?, रेलवे संघ ने कहा-46.96 प्रतिशत ने 9 घंटे शिफ्ट किए?

कारोबारसोने की कीमतें 3,007 रुपये बढ़कर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, जानें चांदी हाल

क्रिकेट24 गेंद में 50 रन?, सुरेश रैना के बाद दूसरे स्थान पर बटलर, 6 ओवर के भीतर 5 छक्के उड़ाए?

भारत अधिक खबरें

भारतपटना में महिलाएं-लड़कियां सरेआम पीती हैं सिगरेट, पुरुष खड़े होकर मुंह देखते रहते?, लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव बोले- बिहार में शराबबंदी पूरी तरह फेल

भारतमहाराष्ट्र लोक सेवा आयोग परिणाम: 624 अंक के साथ टॉप, सोलापुर के विजय नागनाथ लामका ने किया कारनामा?, 601 अंक लेकर आरती परमेश्वर जाधव ने महिला वर्ग में मारी बाजी?

भारतममता ने कहा- CRPF की 200 बटालियन आ रही, किचन से समान ले कर मारो?, अभिषेक कह रहे- भाजपा समर्थकों का हाथ-पैर तोड़ो, चुनाव आयोग के पास बीजेपी, वीडियो

भारतखरमास खत्म होने के बाद 15-16 अप्रैल को बिहार में नया मुख्यमंत्री?, सीएम नीतीश कुमार ने की अंतिम बार कैबिनेट की अध्यक्षता!, 10 अप्रैल को राज्यसभा में शपथ ग्रहण?

भारतबिहार के अस्पतालों में डॉक्टर, रुई और सुई नहीं, कहीं दवा नहीं तो बेड नहीं?, तेजस्वी यादव बोले-अमंगल दोष से ग्रसित स्वास्थ्य विभाग