लाइव न्यूज़ :

बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्तः अबतक 9 लोगों की मौत, 45 से अधिक घायल, केंद्रीय मंत्री जॉन बारला ने घटनास्थल का किया दौरा

By अनिल शर्मा | Updated: January 14, 2022 08:57 IST

गुवाहाटी में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के प्रवक्ता ने कहा कि दुर्घटना एनएफआर के अलीपुरद्वार संभाग के अंतर्गत एक इलाके में शाम करीब 5 बजे हुई।

Open in App
ठळक मुद्देदुर्घटना एनएफआर के अलीपुरद्वार संभाग के अंतर्गत एक इलाके में शाम करीब 5 बजे हुईदुर्घटनास्थल गुवाहाटी से 360 किलोमीटर से अधिक दूरी पर हैकेंद्रीय अल्पसंख्यक राज्य मंत्री जॉन बारला ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया

कोलकाता/गुवाहाटीः  पश्चिम बंगाल के जलपाइगुड़ी जिले में दोमोहानी के निकट बृहस्पतिवार को बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन के 12 डिब्बे पटरी से उतर गये और कुछ डिब्बे पलट गए, जिसके चलते कम से कम 9 यात्रियों की मौत हो गई तथा 45 से अधिक लोग घायल हो गए। शुक्रवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक राज्य मंत्री जॉन बारला ने जलपाईगुड़ी में गुवाहाटी-बीकानेर एक्सप्रेस के दुर्घटना स्थल का दौरा किया। जॉन बारला ने बताया, "लोगों को रेस्क्यू करके विभिन्न अस्पतालों में पहुंचा दिया गया है। 9 लोगों की मौत हुई है।"

गुवाहाटी में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के प्रवक्ता ने कहा कि दुर्घटना एनएफआर के अलीपुरद्वार संभाग के अंतर्गत एक इलाके में शाम करीब 5 बजे हुई। दुर्घटनास्थल गुवाहाटी से 360 किलोमीटर से अधिक दूरी पर है। जलपाइगुड़ी की जिलाधिकारी मौमिता गोदारा बसु ने कहा, ''अब तक सात यात्रियों की मौत हो चुकी है। हमने दुर्घटनास्थल से चार शव बरामद किए, जबकि तीन लोगों की अस्पताल में मौत हो गई।'' उन्होंने कहा कि दुर्घटना में कम से कम 45 लोग घायल हुए हैं। कुछ की हालत गंभीर है, लिहाजा मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। बचावकर्मियों ने अंधेरे और घने कोहरे के बीच जीवित बचे लोगों और शवों का पता लगाने के लिये प्रत्येक डिब्बे की अच्छी तरह से तलाशी ली।

नयी दिल्ली में रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि रेलवे सुरक्षा आयुक्त दुर्घटना के कारणों की जांच करेंगे। गुवाहाटी में एनएफआर के एक बयान में कहा गया है कि बचाव अभियान पूरा हो गया है। दुर्घटना के समय ट्रेन में 1,053 यात्री सवार थे। कोविड-19 स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्रियों के साथ ऑनलाइन बैठक के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्घटना के बारे में जानकारी दी। बनर्जी ने प्रधानमंत्री को राहत एवं बचाव कार्यों के बारे में बताया। बनर्जी ने इस संबंध में जलपाइगुड़ी जिलाधिकारी से भी बात की।

पीएम ने बाद में ट्वीट किया, ''रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से बात की और पश्चिम बंगाल में हुई ट्रेन दुर्घटना के मद्देनजर स्थिति का जायजा लिया। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं'' रेलवे अधिकारियों के अनुसार छह डिब्बे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। एक यात्री ने कहा, ''हऐं अचानक झटका लगा। हम सब जोर-जोर से हिल रहे थे और ऊपर की सीट पर रखा सामान इधर-उधर गिर गया। '' आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त एक डिब्बा टक्कर के कारण दूसरे डिब्बे के ऊपर चढ़ गया, जबकि कुछ डिब्बे ढलान से उतरकर पलट गए। आस-पास के गांवों के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए, और उन यात्रियों की मदद के लिए हाथ बंटाते देखे गए जो क्षतिग्रस्त डिब्बों के अंदर फंस गए थे। दुर्घटना के दौरान कुछ डिब्बे ट्रेन से अलग हो गए, जबकि कुछ के पहिए पटरी से उतर गए। हादसे की खबर जलपाइगुड़ी पहुंचते ही एक एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और वहां घायलों को बाहर निकालते देखा गया।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया, '' आज शाम न्यू मयनागुड़ी (पश्चिम बंगाल) के पास दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए। त्वरित बचाव अभियान के लिए व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहा हूं।'' उन्होंने कहा, ''माननीय प्रधानमंत्री से बात कर उन्हें बचाव अभियान की जानकारी दी।'' भारतीय रेलवे ने प्रत्येक मृतक के परिजन के लिये 5 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए 1 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों के लिए 25,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य लाइन पर हादसा होने के कारण गुवाहाटी की ओर जाने वाली सभी ट्रेनों को फिलहाल रोक दिया गया है। बंगाल सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

बनर्जी ने ट्वीट किया, ''मयनागुड़ी में बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस की दुखद दुर्घटना के बारे में सुनकर बहुत चिंतित हूं। राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, डीएम/एसपी/आईजी-उत्तर बंगाल, बचाव और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता मिलेगी।'' पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने ट्वीट किया, ''बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के जलपाइगुड़ी के पास पटरी से उतर जाने की खबर सुनकर दुख हुआ।'' असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने दुर्घटना के संबंध में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की। सरमा ने कहा कि बनर्जी ने उन्हें हर संभव सहायता और हालात के बारे में जानकारी देते रहने का आश्वासन दिया। इस दुर्घटना के पीड़ितों में से कई के असम से होने की आशंका है क्योंकि यह ट्रेन असम की राजधानी गुवाहाटी जा रही थी। सरमा ने ट्वीट किया, “मैंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री माननीय ममता बनर्जी जी से बात कर बीकानेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मुझे हरसंभव सहायता प्रदान करने और ताजा स्थिति से अवगत कराते रहने का आश्वासन दिया। पीड़ितों की पूरी मदद करने के लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।'

टॅग्स :पश्चिम बंगालरेल हादसाGuwahati
Open in App

संबंधित खबरें

भारतमोथाबाड़ी में न्यायिक अधिकारी को किया अगवा और असली आरोपी फरार?, सीएम ममता बनर्जी ने कहा- निर्दोष लोगों को परेशान कर रही एनआईए

भारतएक शांत दिखने वाली विदाई से हुई भारी क्षति!

क्राइम अलर्टकिशनगंज, पूर्णिया, अररिया, पटना और सिलीगुड़ी में दबिश?, एसडीपीओ गौतम कुमार और डीआरडीए डायरेक्टर वैभव कुमार के ठिकानों पर छापेमारी, महिला मित्र शगूफ्ता खातून के नाम पर जमीन

भारत18 जिलों में 83 ब्लॉक विकास अधिकारी के बाद 173 थानों के प्रभारी और प्रभारी निरीक्षकों का तबादला?, पश्चिम बंगाल को लेकर अलर्ट निर्वाचन आयोग

भारतBengal SIR: समीक्षा प्रक्रिया के बाद पूर्व सांसद तरुण मंडल का नाम मतदाता सूची से हटा

भारत अधिक खबरें

भारतपश्चिम एशिया युद्धः ओमान तट के निकट ड्रोन बोट हमले में जान गंवाने वाले 25 वर्षीय नाविक दीक्षित सोलंकी का शव मुंबई लाया

भारतगोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-भंडारण केंद्रों पर न जाएं और न ही भीड़ में इकट्ठा हों

भारतउच्च शिक्षा और अनुसंधान की चुनौतियां

भारतआदिवासी खेल: नई प्रतिभाओं की तलाश में एक सार्थक पहल

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा