Bihar Weather: पटना, औरंगाबाद, सीवान और शेखपुरा समेत कई अन्य जिले भीषण गर्मी की चपेट में, रोहतास में तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस, लोग परेशान
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 17, 2023 13:51 IST2023-04-17T13:50:37+5:302023-04-17T13:51:37+5:30
Bihar Weather: बिहार की राजधानी पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पांच स्थानों पर अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
Bihar Weather: बिहार के पटना, रोहतास, औरंगाबाद, सीवान और शेखपुरा समेत कई अन्य जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं। रोहतास जिले में तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाने के साथ ही रविवार को यह राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं राज्य की राजधानी पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चिलचिलाती धूप से प्रदेश वासियों को फिलहाल कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है क्योंकि राज्य सरकार के बिहारमौसम सेवा केंद्र (बीएमएसके) ने कहा है कि अगले तीन-चार दिन तक बिहार में गर्मी इसी तरह पड़ने की उम्मीद है। सोमवार को बिहार के आपदा प्रबंधन मंत्री शाहनवाज ने बताया, ‘‘राज्य आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हमने जिलाधिकारियों को भी सलाह दी है कि वे अपने-अपने जिलों में स्थिति की निगरानी करें।’’ रविवार को जहां राज्य के दस जिलों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया वहीं पांच स्थानों पर अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
बिहार के शेखपुरा, सीवान और औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं खगड़िया में अधिकतम तापमान 41.8, गया में 41.7 और भोजपुर में 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि अभी राहत की उम्मीद नहीं है।