बिहार: सवर्णों ने डिप्टी CM सुशील मोदी के बाद अब शहनवाज हुसैन को दिखाया काला झंडा
By एस पी सिन्हा | Updated: October 7, 2018 15:45 IST2018-10-07T15:44:53+5:302018-10-07T15:45:40+5:30
सवर्ण समाज के द्वारा बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का विरोध किये जाने के बाद आज पार्टी के एक कार्यक्रम में भाग लेने भागलपुर पहुंचे भाजपा के दिग्गज नेता सैयद शहनवाज हुसैन को सवर्णों ने काला झंडा दिखाया।

बिहार: सवर्णों ने डिप्टी CM सुशील मोदी के बाद अब शहनवाज हुसैन को दिखाया काला झंडा
पटना,7 अक्टूबर:बिहार में इन दिनों सवर्णों का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई दे रहा है। भाजपा नेताओं के खिलाफ सवर्ण समाज एकजुट दिख रहे हैं। कल सवर्ण समाज के द्वारा बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का विरोध किये जाने के बाद आज पार्टी के एक कार्यक्रम में भाग लेने भागलपुर पहुंचे भाजपा के दिग्गज नेता सैयद शहनवाज हुसैन को सवर्णों ने काला झंडा दिखाया। यहां उन्हें सवर्णों का जबर्दस्त विरोध झेलना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा नेता जैसे ही जिले के स्टेशन चौक के समीप पहुंचे उसी वक्त वहां मौजूद सवर्ण कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान काला झंडा दिखाकर उनका विरोध किया गया। विरोध करने वाले कार्यकर्ता सैंकडों की संख्या में थे। इससे वहां अफरातफरी का माहौल भी उत्पन्न हो गया। यहां उल्लेखनीय है कि राज्य के अलग-अलग जिलों में भाजपा के नेताओं को काला झंडा दिखाया जा रहा है।
इससे पहले दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को सवर्ण कार्यकर्ताओं ने रोहतास व कैमूर में काला झंडा दिखाया था। वहीं, सुशील मोदी को दरभंगा में काला झंडा दिखाया गया था। केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे को भागलपुर में सवर्ण कार्यकर्ताओं ने काला झंडा दिखाया था। लखीसराय में जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह का सवर्ण सेना के सदस्यों ने घेराव किया। उनकी गाडी को रोककर काले रंग की स्याही फेंकी थी। वहीं, गोपालगंज में कुछ असाजित तत्वों द्वारा स्मृति ईरानी के पोस्टर पर कालिख पोत दी गई थी।
यहां बता दें कि बिहार में इन दिनों नेताओं को सवर्णों का गुस्सा झेलना पड रहा है। आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग जोर-शोर से उठ रही है। वहीं, एससी-एसटी एक्ट में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को अध्यादेश द्वारा पलट दिए जाने पर सवर्णों में नाराजगी व्याप्त है। इसबीच सवर्ण समाज की मांगों के समर्थन में भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा। सीपी ठाकुर आज गया में धरने पर बैठे हैं। डा। ठाकुर सवर्ण समाज की मांघो को जायज बता रहे हैं।