Bihar: प्रशांत किशोर ने राजद और भाजपा पर किया पलटवार, कहा- दोनों दल मुफ्त में वोट लेने के आदी हैं
By एस पी सिन्हा | Updated: December 14, 2024 21:29 IST2024-12-14T21:29:14+5:302024-12-14T21:29:22+5:30
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में भाजपा का अपना कोई वजूद नहीं हैं, तभी तो उन्होंने केवल 42 सीटें जीतने वाले नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बना रखा है।

Bihar: प्रशांत किशोर ने राजद और भाजपा पर किया पलटवार, कहा- दोनों दल मुफ्त में वोट लेने के आदी हैं
पटना: जनसुराज के संरक्षक प्रशांत किशोर ने राजद और भाजपा पर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि राजद के लोग हमें भाजपा की बी टीम कहते हैं। इधर, भाजपा के लोग भी हमें राजद की बी टीम कहते हैं क्योंकि दोनों ही बिहार में मुफ्त में वोट लेने के आदी हैं। जबकि सच यह है कि जन सुराज जनता की बी टीम है। भाजपा पर तंज कसते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा को पिछले विधानसभा चुनाव में मात्र 19 प्रतिशत वोट मिले थे।
उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा का अपना कोई वजूद नहीं हैं, तभी तो उन्होंने केवल 42 सीटें जीतने वाले नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बना रखा है। प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा दूसरे राज्यों में दलों को तोड़ कर अपनी सरकार बनाने के लिए जानी जाती है। बी टीम उसका बना जाता है जो मज़बूत होती है और बिहार में तो भाजपा खुद ही कमज़ोर है। भाजपा का यहां पर न तो कोई नेता है और न ही उनकी बिहार के लिए कोई नीति है।
उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ सांसदों के लिए बिहार में पहले लालू के समय जंगल राज को और अब नीतीश के समय अफसर राज को पनपने दिया। क्या उन्हें नहीं पता की बिहार देश का सबसे गरीब राज्य है? क्या उन्हें नहीं पता बिहार में पलायन सबसे बड़ी समस्या है? उन्होंने अपनी सरकार बचाने के लिए बिहार को लालू और नीतीश के हवाले छोड़ दिया।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की बदहाली के लिए सीधे तौर पर लालू और नीतीश जिम्मेदार हैं। लेकिन आज जो बिहार की दुर्दशा है उसके गुनहगार भाजपा और कांग्रेस हैं।