बिहार चुनावः चिराग पासवान ने जारी की 14 उम्मीदवारों की सूची, देखिए लिस्ट
By सतीश कुमार सिंह | Updated: October 15, 2025 19:11 IST2025-10-15T18:07:42+5:302025-10-15T19:11:23+5:30
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जारी इस सूची में 57 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। भाजपा ने दो लिस्ट जारी की है। पहले में 71 और दूसरी सूची में 12 प्रत्याशी शामिल हैं।

file photo
पटनाः लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 14 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी 29 सीट पर चुनाव लड़ रही है। बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होगा। मतों की गिनती 14 नवंबर को होगी। जीतन राम मांझी ने 6 सीटों पर उम्मदीवार उतारे हैं। बिहार चुनाव को लेकर जदयू ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जारी इस सूची में 57 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। भाजपा ने दो लिस्ट जारी की है। पहले में 71 और दूसरी सूची में 12 प्रत्याशी शामिल हैं।
Lok Janshakti Party (Ram Vilas) releases a list of 14 candidates for #BiharElections2025pic.twitter.com/9Um6YGB5kL
— ANI (@ANI) October 15, 2025
लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने भी बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने 14 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। चिराग पासवान की पार्टी की सूची के अनुसार, पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज सीट से राजू तिवारी, सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर से संजय कुमार सिंह और सिवान की दरौली (अनु.जाति) सीट से विष्णु देव परमार को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा, सारण जिले की गरखा (अनु.जाति) सीट से सीमा मृणाल, बेगूसराय की साहेबपुर कमाल सीट से सुरेंद्र कुमार, बखरी (अनु.जाति) से संजय कुमार, खगड़िया की परबतता सीट से बाबूलाल साह, भागलपुर की नाथनगर सीट से मिथुन कुमार और पटना जिले की पालीगंज सीट से सुनील कुमार चुनावी मैदान में होंगे।
लोजपा (रामविलास) ने बक्सर की ब्रह्मपुर सीट से हुलास पांडे, रोहतास की डेहरी सीट से राजीव रंजन सिंह, कटिहार की बलरामपुर सीट से संगीता देवी, जहानाबाद की मखदुमपुर सीट से रानी कुमारी तथा औरंगाबाद की ओबरा सीट से प्रकाश चन्द्र को उम्मीदवार घोषित किया है।
भाजपा ने जारी की 12 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, गायिका मैथिली ठाकुर को मिला टिकट
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने 12 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी, जिसके साथ ही पार्टी ने अब तक कुल 83 प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। भाजपा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक के तौर पर 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने लोकगायिका मैथिली ठाकुर को दरभंगा जिला के अलीनगर से विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा अनुमोदित सूची में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है, वहीं कुछ मौजूदा विधायकों को भी दोबारा टिकट दिया गया है। सूची में दरभंगा ग्रामीण, सुरसंड, हिलसा, उजियारपुर समेत कई महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों से उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।
भाजपा ने मंगलवार को अपनी पहली सूची में 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। पार्टी इस बार गठबंधन के तहत 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी नेताओं ने बताया कि दूसरी सूची में सामाजिक, क्षेत्रीय और युवाओं के प्रतिनिधित्व का संतुलन रखा गया है ताकि पर राज्य में राजग का जनाधार मजबूत किया जा सके। पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को बक्सर से मैदान में उतारा गया है।
सूची के अनुसार, रामचंद्र प्रसाद हायाघाट सीट से जबकि छोटी कुमारी और राकेश ओझा क्रमशः छपरा और शाहपुर से चुनाव लड़ेंगे। बीरेंद्र कुमार रोसड़ा और महेश पासवान अगिआंव सीट से चुनाव लड़ेंगे। दोनों सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। सूची के अनुसार, रंजन कुमार मुजफ्फरपुर से और सुभाष सिंह गोपालगंज सीट से चुनाव लड़ेंगे।
इसके साथ ही भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनावों के लिए अब तक कुल 83 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने मंगलवार को 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को क्रमशः तारापुर और लखीसराय सीटों से मैदान में उतारा गया है।
जदयू ने जारी की 57 उम्मीदवारों की पहली सूची, लवकुश समाज से 23 को दिया टिकट
बिहार चुनाव को लेकर जदयू ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जारी इस सूची में 57 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इस सूची में जदयू ने तीन बाहुबलियों को चुनावी मैदान में उतारा है। इस बार पार्टी ने टिकट वितरण में सामाजिक और जातीय संतुलन को साधने की कोशिश की है।
खासकर लव-कुश (कुशवाहा और कोइरी), अति पिछड़ा और अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय के प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी गई है। जदयू की पहली सूची में लवकुश समाज से 23, दलित समाज से 12 और अति पिछड़ा समाज से 9 उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। इसके साथ ही जदयू ने पहली सूची में सवर्ण समाज को भी साधने की पूरी कोशिश की है।
राजद ने जारी किया 31 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची, 'एमवाय' समीकरण का रखा गया विशेष ख्याल
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन में सीटों के तालमेल से पहले राजद अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। राजद की पहली सूची में 'एमवाय' समीकरण का विशेष तौर पर ख्याल रखा गया है। पार्टी ने 31 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची में 9 यादव नेताओं और 5 मुस्लिम समाज के नेताओं को टिकट दिया है।
पहली सूची में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का भी नाम है। पार्टी ने तेजस्वी यादव को लगातार तीसरी बार से राघोपुर से चुनावी मैदान उतारा है। वहीं सूची में बाहुबली दिवंगत नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब का भी नाम है। ओसामा शहाब को रघुनाथपुर से टिकट दिया गया है।
ओसामा, शहाबुद्दीन के बेटे हैं और उनकी मां हिना शहाब के साथ पिछले वर्ष अक्टूबर 2024 में राजद में शामिल हुए थे। तभी से उनके चुनावी डेब्यू की अटकलें लगाई जा रही थीं। इस सीट को खाली करने का फैसला वर्तमान विधायक हरीशंकर यादव ने किया है, जो दो बार राजद के टिकट पर जीत चुके हैं।
उन्होंने ओसामा शहाब के लिए यह राजनीतिक बलिदान देकर यह स्पष्ट कर दिया कि पार्टी यहां शहाबुद्दीन की विरासत को फिर से मजबूत करने की रणनीति पर चल रही है। ओसामा शहाब के खिलाफ जदयू ने विकास कुमार सिंह उर्फ जिशु सिंह को मैदान में उतारा है। रघुनाथपुर सीट इस बार जदयू के खाते में आई है।