निशांत कुमार राजनीति में आ चुके हैं, जदयू विधायक गोपाल मंडल बोले- इंतजार कीजिए, सारे पत्ते धीरे-धीरे खुलेंगे
By एस पी सिन्हा | Updated: April 4, 2025 17:43 IST2025-04-04T17:41:11+5:302025-04-04T17:43:04+5:30
राजद के द्वारा नीतीश कुमार को गिरगिट कहे जाने पर गोपाल मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार ने नए सिरे से बिहार को बसाने का काम किया है।

file photo
पटनाः बिहार में विपक्ष के द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर निशाना साधे जाने पर जदयू विधायक गोपाल मंडल ने इसे बेबुनियाद बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं और प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर उन्होंने दावा किया कि निशांत कुमार राजनीति में आ चुके हैं। उनके पोस्टर लगाए जा रहे हैं। लोगों को इंतजार करना चाहिए, सारे पत्ते धीरे-धीरे खुलेंगे। वहीं, राजद के द्वारा नीतीश कुमार को गिरगिट कहे जाने पर गोपाल मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार ने नए सिरे से बिहार को बसाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव के दौर में बिहार का क्या हाल था? लोग पलायन कर रहे थे। बिहार में टूटी हुई सड़कें दिखाई पड़ती थीं। नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में बिहार को संवारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जैसा नेता न पहले कभी बिहार को मिला था न कभी बिहार को आगे मिलेगा।
गोपाल मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बैठे रहते हैं कभी भाजपा आकर सट गया है तो राजद आकर सट जाता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तो कुर्सी पर बैठते रहते हैं, हटता सटता तो वो लोग है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बहुत स्वाभिमानी व्यक्ति हैं और मैं दावे से कह सकता हूं कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश मुख्यमंत्री बने तो उनके जैसा मुख्यमंत्री ना पहले बना है और जाने के बाद कभी बन सकता है।
नीतीश कुमार कैसे गिरगिट हो गए। नीतीश कुमार ने बिहार के लिए क्या कुछ नहीं किया है। नीतीश कुमार के समय में शिक्षा, रोजगार हो या किसी भी क्षेत्र में देख लीजिए कितना काम हुआ है। नीतीश कुमार कितना काम किया है। सब जानते हैं आप लोग भी जानते हैं कि नीतीश कुमार कितना काम किया है।
वहीं वक्फ संशोधन बिल लोकसभा और राज्यसभा में पारित होने के बाद जदयू के कई नेता पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं। इसको लेकर गोपाल मंडल ने कहा कि, नीतीश कुमार ने मुसलमानों के लिए बहुत काम किया है। मुख्यमंत्री समझाएंगे तो सब कंट्रोल में आ जाएगा। पार्टी में कोई नाराजगी नहीं है मुख्यमंत्री क्लास लेंगे तो सब सही हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छा कार्य हुआ है। मैं समझता हूं कि यह मुसलमानों के हित में हुआ है।