Bihar Politics: सियासत के बीच महागठबंधन सरकार पर संकट!, नीतीश कुमार ने रद्द कर दिया बाहर जाने का कार्यक्रम, झारखंड से नहीं करेंगे चुनावी अभियान की शुरुआत
By एस पी सिन्हा | Updated: January 25, 2024 16:25 IST2024-01-25T16:15:07+5:302024-01-25T16:25:33+5:30
Bihar Politics: नीतीश कुमार जोहार के नाम से जदयू ने रामगढ़ में 4 फरवरी को पहली सभा कराने का फैसला लिया था। झारखंड के सारे प्रमंडल में उनकी सभा होनी थी।

file photo
Bihar Politics: बिहार में गर्मायी सियासत के बीच महागठबंधन सरकार पर संकट के बादल मंडराने की चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार से बाहर के अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिये हैं। उन्हें झारखंड से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करनी थी, लेकिन अब कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। जदयू की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 4 फरवरी को झारखंड के रामगढ़ में होने वाली पार्टी की रैली रद्द कर दी गई है। बता दें कि जदयू ने तय किया था कि लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए नीतीश अपने अभियान की शुरुआत झारखंड से करें।
नीतीश जोहार के नाम से जदयू ने रामगढ़ में 4 फरवरी को पहली सभा कराने का फैसला लिया था। इसके बाद झारखंड के सारे प्रमंडल में उनकी सभा होनी थी। लेकिन अब 4 फरवरी की सभा रद्द कर दी गई है। जदयू सूत्रों के अनुसार बिहार की बदली राजनीतिक परिस्थितियों में ये फैसला लिया गया है।
बिहार के सत्तारूढ़ गठबंधन में जिस तरह से तनाव बढ़ा है, उससे किसी भी क्षण कोई बड़ा फैसला होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में नीतीश कुमार ने फिलहाल बिहार से बाहर नहीं जाने का निर्णय लिया है। उन्होंने खुद झारखंड जदयू के नेताओं को रामगढ़ की रैली फिलहाल स्थगित करने को कहा है।
जदयू के नेता ये भी बता रहे हैं कि अब ये नहीं पता चल रहा है कि आगे आने वाले दिनों में किस पार्टी के साथ रहना है। ऐसे में नीतीश किसी चुनावी सभा में जाकर बोलेंगे भी क्या? इस कारण से भी नीतीश ने झारखंड की रैली स्थगित कराई है।