Bihar Politics News: विपक्ष की कुर्सी से चिढ़, ट्विटर बायो से हटाया, पूर्व उपमुख्यमंत्री लिखा, भाजपा का तेजस्वी पर हमला, सत्ता के बगैर रह नहीं सकते
By एस पी सिन्हा | Updated: July 30, 2024 17:57 IST2024-07-30T17:55:12+5:302024-07-30T17:57:05+5:30
Bihar Politics News: तेजस्वी यादव के ट्विटर बायो से नेता प्रतिपक्ष का परिचय गायब है, जो उनकी जिम्मेदारी से भागने की प्रवृत्ति को दर्शाता है।

file photo
Bihar Politics News: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के द्वारा अपने ट्विटर बायो में नेता प्रतिपक्ष (वर्तमान पदनाम) के बदले पूर्व उपमुख्यमंत्री लिखे जाने पर भाजपा ने तंज कसा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता जयराम विप्लव ने तेजस्वी यादव पर विपक्ष के नेता पद की जिम्मेदारी से भागने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव सत्ता के बगैर रह नहीं सकते और विपक्ष की जिम्मेदारी को निभाने से भागते हैं। जयराम विप्लव ने कहा कि बिहार की जनता ने जनादेश देकर विपक्ष में बिठाया था, लेकिन तेजस्वी यादव विपक्ष की जिम्मेदारी को निभाने से भाग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के ट्विटर बायो से नेता प्रतिपक्ष का परिचय गायब है, जो उनकी जिम्मेदारी से भागने की प्रवृत्ति को दर्शाता है। विप्लव ने कहा कि तेजस्वी यादव और उनका परिवार केवल सत्ता के लिए ही जीता है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव का ट्विटर बायो पढ़ने से पता चलता है कि उन्हें नीतीश जी के दया पर मिली उपमुख्यमंत्री की कुर्सी से इतना प्यार है कि उन्होंने अपने बायो में पूर्व उपमुख्यमंत्री लिखा है, लेकिन जनता द्वारा प्रदत्त नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी से चिढ़ इतनी कि उन्होंने बायो से हटा दिया है।
विप्लव ने कहा कि तेजस्वी यादव को विपक्ष की जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार रहना चाहिए न कि सत्ता के लिए जीने वाला बनना चाहिए। वो न तो विधानसभा के सत्र में दिखते हैं और न जमीन पर ही नजर आते हैं। जयराम विप्लव ने कहा कि चुनाव में हेलीकॉप्टर पर राजशाही ठाठ का प्रदर्शन खूब दिखा था तो जनता ने सही हिसाब किताब भी कर दिया है। उन्होंने कहा बीच में जनादेश से छल करके तेजस्वी यादव ने सत्ता में घुसपैठ किया था।