Bihar Politics News: जेसीबी से फूल बरसाए, सम्राट चौधरी की जगह दिलीप जायसवाल ने संभाला कार्यभार, भाजपा अध्यक्ष ने कहा- 2025 विधानसभा की तैयारी में जुट जाएं
By एस पी सिन्हा | Updated: July 29, 2024 16:58 IST2024-07-29T16:56:14+5:302024-07-29T16:58:00+5:30
Bihar Politics News: भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जेसीबी के जरिए फूल बरसाए। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा इस रोड शो में उनके साथ मौजूद रहे।

photo-lokmat
पटनाः बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं बिहार भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी अब डा. दिलीप जायसवाल के हवाले कर दिया। ऐसे में बिहार में भाजपा संगठन की कमान अब डा. दिलीप जायसवाल के जिम्मे रहेगी। नव मनोनीत प्रदेश अध्यक्ष डा. दिलीप जायसवाल ने सोमवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में दायित्व ग्रहण कर लिया। भव्य समारोह में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से जायसवाल ने पदभार लिया। इससे पहले दिल्ली से पटना पहुंचने पर पार्टी के नेता, प्रदेश पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने जायसवाल का भव्य अभिनंदन किया। पटना की सड़कों पर रोड शो करते हुए दिलीप जायसवाल को भाजपा दफ्तर लाया गया। रोड शो के दौरान जगह-जगह पर उन पर फूलों की बारिश की गई।
इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जेसीबी के जरिए उन पर फूल बरसाए। बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा इस रोड शो में उनके साथ मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी उन्हें पदभार ग्रहण करवाया। भाजपा कार्यालय में उन्हें चांदी का मुकुट भी पहनाया गया।
पार्टी कार्यालय में स्वागत की जबर्दस्त तैयारी की गई थी। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी पहुंची थीं। ढोल-नगाड़े के साथ सभी ने उनका भव्य स्वागत किया। भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों, मोर्चा और मंच के नेताओं और कार्यकर्ताओं के द्वारा दिलीप जायसवाल का स्वागत किया। स्वागत के लिए झंडे बैनर से पटना शहर को पाट दिया गया था।
वहीं, पटना लौटने पर दिलीप जायसवाल ने साफ तौर पर कहा कि वे प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर प्रदेश संगठन को समाहित कर राजनीतिक एजेंडे को गांव तक पहुंचाएंगे। उन्होंने बताया था कि वे सबको साथ लेकर आगे बढ़ेंगे और सबका विकास किया जाएगा। कहा जा रहा है कि दिलीप जायसवाल 2025 विधानसभा की तैयारी में जुट गए हैं।
कहा जा रहा है कि दिलीप जायसवाल के द्वारा पदभार ग्रहण कर लिए जाने के बाद अब वह भाजपा में बैठकों का दौर शुरू करेंगे। पिछले दिनों नए अध्यक्ष के तौर पर घोषित होने के बाद दिल्ली जाकर पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा , गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बिहार के लिए संदेश लेकर आज पटना पहुंचे।


