Bihar News: भूमिहारों से माफी मांगे अशोक चौधरी, भाजपा नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ सीपी ठाकुर ने जताई नाराजगी
By एस पी सिन्हा | Updated: September 3, 2024 18:27 IST2024-09-03T18:27:05+5:302024-09-03T18:27:50+5:30
Bihar Politics News: भाजपा के सदस्यता अभियान से जुड़े कार्यक्रम में पहुंचे डॉ सीपी ठाकुर से मीडियाकर्मियों ने पूछा कि क्या उन्हें भी अशोक चौधरी की तरह लगता है कि भूमिहार एनडीए को वोट नहीं करते?

file photo
Bihar Politics News: बिहार के मंत्री अशोक चौधरी के द्वारा भूमिहारों पर दिए विवादित बयान को लेकर जारी सियासत के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ सीपी ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि नीतीश कुमार को इस सब बातों पर ध्यान देना चाहिए। अशोक चौधरी को पता होना चाहिए कि भूमिहारों के बारे में इस तरह से बोलने एनडीए पर बुरा असर पड़ेगा। उन्होंने अशोक चौधरी को भूमिहारों से मांफी मांगने को कहा। डॉ ठाकुर ने कहा कि अशोक चौधरी से गलती हुई, लेकिन ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए।
दरअसल, भाजपा के सदस्यता अभियान से जुड़े कार्यक्रम में पहुंचे डॉ सीपी ठाकुर से मीडियाकर्मियों ने पूछा कि क्या उन्हें भी अशोक चौधरी की तरह लगता है कि भूमिहार एनडीए को वोट नहीं करते? इस पर डॉ ठाकुर ने कहा कि एनडीए को हमेशा ही भूमिहार मतदाता वर्ग बढ़ चढ़कर वोट करते हैं।
अशोक चौधरी के भूमिहार के एनडीए उम्मीदवार को वोट नहीं देने के दावे को सिरे से नकारते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे बयानों से बचना चाहिए। भूमिहार पर ऐसी टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी यह सब देखना चाहिए, जिससे अशोक चौधरी जैसा बेवजह का विवाद न हो।
बता दें कि पिछले दिनों जहानाबाद में एक कार्यक्रम में गए अशोक चौधरी ने दावा किया था कि लोकसभा चुनाव के दौरान भूमिहार मतदाताओं ने जदयू उम्मीदवार को वोट नहीं दिया। इसी कारण जदयू प्रत्याशी की हार हुई। वहीं अब भूमिहार के कई नेता आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट चाहते हैं। लेकिन ऐसा नहीं होगा। उनके इस बयान से बिहार की सियासत में बवाल मच गया।