Bihar News: पूरा देश नीतीश कुमार को जानता है, किसी खड़गे-फड़गे को नहीं, जदयू विधायक गोपाल मंडल ने दिया बयान, भाजपा को समाप्त करने के लिए नीतीश जरूरी
By एस पी सिन्हा | Updated: December 22, 2023 16:59 IST2023-12-22T16:56:26+5:302023-12-22T16:59:01+5:30
Bihar News: ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम आगे करके उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

file photo
Bihar News: दिल्ली में 19 दिसंबर को हुई इंडी गठबंधन की चौथी बैठक में पीएम उम्मीदवार के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सामने आया। जिसके बाद जदयू नेता खासा नाराज दिख रहे हैं। दरअसल, जदयू के सभी नेताओ और कार्यकर्ताओं को उम्मीद थी कि नीतीश कुमार को इंडी गठबंधन में अहम पद दिया जाएगा।
लेकिन ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम आगे करके उम्मीदों पर पानी फेर दिया। वहीं बैठक के बाद जदयू के नेता तरह-तरह के बयान देकर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। इसी कडी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सुनते ही जदयू विधायक गोपाल मंडल भड़क गए और कहा कि हम नहीं जानते की यह खड़गे-फड़गे कौन हैं।
उन्होंने कहा कि पूरा देश नीतीश कुमार को जानता है, किसी खड़गे-फड़गे को नहीं। मीडियाकर्मियों के एक सवाल पर गोपाल मंडल ने कहा कि अभी आप उनका नाम बोले हैं तो हम सुने हैं। मुझे तो पता भी नहीं था कि वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। आप बोले तो मैं जान गया। उनको कुछ मुख्य लोग जानते होंगे। लेकिन आम पब्लिक सिर्फ नीतीश कुमार को जानती है।
साथ ही गोपाल मंडल ने दावा किया कि नीतीश कुमार ही प्रधानमंत्री बनेंगे क्योंकि सब कोई नीतीश कुमार को जानता है"। गोपाल मंडल ने यह भी कहा कि भाजपा को समाप्त करने के लिए नीतीश कुमार जरूरी हैं। जब तक भाजपा के विरोध में नीतीश कुमार को नहीं चुना जाएगा तब तक तक नहीं हराया जा सकता है क्योंकि नीतीश कुमार को हिंदुस्तान जानता है।