‘फ्यूचर सीएम ऑफ बिहार’?, निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाओ, जदयू कार्यकर्ताओं ने पटना में लगाए पोस्टर
By एस पी सिन्हा | Updated: April 4, 2026 15:03 IST2026-04-04T15:02:12+5:302026-04-04T15:03:06+5:30
पोस्टर में लिखा गया कि ‘नीतीश सेवक, मांगे निशांत, अब नए चेहरे पर क्यों करें विचार, जब क्लाइमेट लीडर के संकल्पों को पूरा करने के लिए तैयार हैं, भाई निशांत कुमार।

photo-lokmat
पटनाः बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की तैयारियों के बीच नए मुख्यमंत्री के नामों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। सत्ता हस्तांतरण के बाद भाजपा का मुख्यमंत्री होना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि जदयू के लोग अभी भी अपनी ही पार्टी का मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं। कहा तो जा रहा है कि जदयू के कई विधायक भी दल के ही किसी नेता को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। इस बीच जदयू के प्रदेश मुख्यालय के बाहर पार्टी के समर्थकों ने एक बड़ा पोस्टर लगा दिया है। इससे सियासी हलचल तेज हो गई है।
इस पोस्टर के जरिए निशांत कुमार को भावी मुख्यमंत्री बताया गया है। पोस्टर में लिखा गया कि ‘नीतीश सेवक, मांगे निशांत, अब नए चेहरे पर क्यों करें विचार, जब क्लाइमेट लीडर के संकल्पों को पूरा करने के लिए तैयार हैं, भाई निशांत कुमार। इस पोस्टर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार की तस्वीर भी है।
जदयू की तरफ से लगातार निशांत कुमार को ही अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग की जा रही है। इससे पहले जो पोस्टर लगाया गया था, उसमें भी निशांत कुमार की फोटो के नीचे ‘फ्यूचर सीएम ऑफ बिहार’ लिखा था। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए लिखा था, ‘क्यों कर रहे हैं आप ऐसा विचार, जब बिहार वासियों को स्वीकार नहीं कि आप मुख्यमंत्री पद छोड़ जाएं बिहार।
इस तरह से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से राज्यसभा नहीं जाने की अपील की गई थी। लेकिन मुख्यमंत्री अब जल्द ही शपथ लेने वाले हैं। वैसे यह पहली बार नहीं है जब निशांत कुमार को लेकर पोस्टर सामने आए हैं। इससे पहले भी उनके राजनीति में आने की मांग को लेकर जदयू कार्यकर्ता पोस्टर लगा चुके हैं। अब उन्हें भविष्य का मुख्यमंत्री बताने से राजनीतिक अटकलें और तेज हो गई हैं।
एक ओर जहां खबर आ रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद भाजपा के पास मुख्यमंत्री पद होगा और मुख्यमंत्री भाजपा का ही कोई बनेगा तो वहीं दूसरी ओर जदयू कार्यकर्ता लगातार निशांत को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा की शपथ ले सकते हैं,
जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में नई सरकार के गठन को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह, जदयू नेता आनंद मोहन समेत पार्टी के कई कार्यकर्ता निशांत कुमार को ही मुख्यमंत्री बनाने की अपील कर रहे हैं। फिलहाल पोस्टर ने पार्टी के अंदर एक नई ऊर्जा पैदा की है।